अधिकांश विषयों में कॉमन सिलेबस भी होगा लागू

कुछ विषयों में स्थानीय जरूरत के हिसाब से होगा बदलाव

Meeriut। एक जुलाई 2021 से स्नातक में नई शिक्षा नीति के तहत नया सिलेबस शुरू होगा। इसके लिए उच्च शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अधिकांश विषयों के सिलेबस को अपलोड कर दिया गया है। इसके आधार पर सीसीएसयू अपना सिलेबस तैयार करेगा। जल्द ही इसे लेकर बोर्ड आफ स्टडीज की बैठक होने वाली है।

वेबसाइट पर होगा अपलोड

स्नातक के करीब 42 कोर्स को नई शिक्षा नीति के तहत तैयार किया गया है। करीब 70 से 80 फीसद छात्र इस कोर्स से जुड़ जाएंगे। शेष कोर्स को जल्द ही तैयार कर साइट पर अपलोड किया जाएगा। पूरे प्रदेश में स्नातक स्तर पर कामन सिलेबस लागू किया जा रहा है। इसमें चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को स्थानीय जरूरत के हिसाब से करीब 30 फीसद कोर्स में बदलाव करना है। विश्वविद्यालय इस महीने में इसे लेकर बोर्ड आफ स्टडीज की बैठक करने वाला है। विश्वविद्यालय स्तर पर अधिकांश विषयों में कामन सिलेबस ही स्वीकार किया जा रहा है, कुछ विषयों में 30 फीसद बदलाव किया जाएगा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो। एनके तनेजा का कहना है कि विश्वविद्यालय स्तर पर सभी तैयारी की जा रही है। प्रदेश स्तर पर जो सिलेबस तैयार किया गया है, उसमें विश्वविद्यालय के कई प्रोफेसर सदस्य रहे हैं। इसलिए नए सिलेबस को तैयार करने में कोई समस्या नहीं आएगी। एक से दो महीने में सभी सिलेबस तैयार कर लिए जाएंगे।