मेरठ (ब्यूरो)। केएमसी मेडिकल एंड एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार को नि:शुल्क हृदय रोग परामर्श शिविर सुबह 10 बजे से 4 बजे तक लगाया गया। इस दौरान मरीजों का चेकअप हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ। तनय गर्ग ने किया।

108 मरीजों ने की स्वास्थ्य जांच
कैंप में 108 मरीजों को पंजीकृत कर उनका नि:शुल्क चेकअप किया गया। सभी मरीजों का फ्री ईसीजी व शुगर की जंाच की गई। ईको व टीएमटी 50 प्रतिशत छूट के साथ की गई।

भारत में ज्यादा मरीज
डॉ। तनय गर्ग ने बताया कि हृदय रोग तेजी साथ पूरे विश्व में फैल रहा है। विश्व भर में सबसे ज्यादा दिल के रोगी हिन्दुस्तान में है। पश्चिमी देशों की अपेक्षा भारत में हार्ट अटैक के मरीजों की औसत उम्र 50 वर्ष है। जबकि यह पश्चिमी देशों में 60 वर्ष है। यानी हृदय रोग भारतीयों में 10 वर्ष पूर्व ही आ जाता है।

सिर्फ छाती में दर्द नहीं हार्ट अटैक
उन्होंने बताया कि आम धारणा यह है कि हार्ट अटैक का दर्द बाईं तरफ होता है लेकिन वास्तविकता में दर्द छाती के बीचों बीच होता है। यह भारीपन, छाती के बीच में घुटन, चलने पर सांस फूलना, वजन, जलन जैसा हो सकता है। साथ ही मरीज को बहुत पसीना आता है। यह दर्द दोनों या एक बाजू में गले में या जबड़े में भी जा सकता है।