राम मंदिर को लेकर जश्न की तैयारी, जगमगाएंगे दीपक

दीप जलाकर णमोकार मंत्र का जाप करेगा जैन समुदाय

Meerut। अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन को मेरठ में भी लाइव दिखाने की तैयारी है। मंदिरों को सजाया गया है। मंदिर समितियों की ओर से ध्वज पताका फहराने व दीपक जलाने का भी प्रोग्राम रखा गया है। प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं को दीपक वितरित किए जाएंगे। हर श्रद्धालु को पांच दीपक दिए जाएंगे।

किया जाएगा पूजन

ऐतिहासिक मंदिर बाबा औघड़नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ। महेश बंसल व महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि मंदिर के बाहर दीपक जलाए जाएंगे। मंदिर द्वारा लाइव भी दिखाया जाएगा। मंदिर के कार्यक्रम को लाइव पेज पर दिखाया जाएगा। सदर स्थित वामन भगवान के मंदिर में भी एलईडी के जरिए लाइव प्रसारण की तेयारी है। मंदिर समिति से जुड़े अभिषेक सिंघल ने बताया कि मंदिर को रंग-बिरंगी झालरों व दीपकों से सजाया जाएगा। मोहनपुरी दयालेश्वर महादेव मंदिर मे लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है। मंदिर के संस्थापक पंकज जोली ने बताया कि मंदिर में रोशनी के साथ ही दीपकों की कतार होगी। मेरठ के तीन पवित्र धाíमक स्थलों की मिट्टी तीन कलशों में अयोध्या भेजी गई है। एक कलश में पवित्र तीर्थ स्थली गगोल की मिट्टी, दूसरे कलश में औघड़नाथ मंदिर की मिट्टी, तीसरे कलश में बालाजी व शनि धाम की मिट्टी अयोध्या के लिए भेजी गई है।

घर-घर जलाएंगे दीपक

प्रभातनगर शिव कांवड़ संघ के संयोजक आशीष अग्रवाल ने बताया कि संपूर्ण प्रभातनगर क्षेत्र में वालंटियर्स हर घर जाकर पांच-पांच दीपक बांटेंगे, शिव मंदिर सदर के प्रमुख सेवादार अंकित गुप्ता ने बताया कि सदर के सभी मंदिरों में सजावट की गई है। व्यापार संघों के साथ मिलकर युवा वर्ग बाजारों और मुख्य मार्गो पर दीपक और रंगोली बनाएंगे। 5100 ध्वज फहराए जाएंगे। विश्व हिंदू परिषद की तरफ से 5100 भगवा ध्वज फहराये जाएंगे। इसके अलावा शहर के प्रमुख स्थानों पर सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाएगा। एक लाख दीपक जलाने की भी तैयारी की गई है। विहिप के गोपाल शर्मा ने कहा की हिंदू समाज ने राम मंदिर के लिए एक लम्बे अरसे तक लड़ाई लड़ी है, अब सपना साकार होने जा रहा है। एबीवीपी के प्रदेश कार्यालय प्रमुख उत्तम सैनी ने बताया कि 11 हजार दीपक बांटे गए हैं।

जैन समाज की भी तैयारी

जैन समुदाय भी अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को लेकर उत्साहित है। भारतीय जैन मिलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सुरेश जैन रितुराज ने कहा कि श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन का दिन राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाएगा। भूमि पूजन के समय समाज के लोग अपने घरों पर णमोकार मंत्र का पाठ करेंगे।