तीन तरह दीवारों से घिरे रहेंगे कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन

पोर्टेबल कंपेटर की खरीद के लिए निगम ने आमंत्रित किए टेंडर

Meerut। यदि नगर निगम की कवायद सफल रही, तो शहर अगले स्वच्छता सर्वेक्षण में अपनी रैंकिंग ऊंची कर सकता है। निगम ने शहर की सड़कों पर जगह-जगह बिखरे कूड़े और गली-मोहल्लों में बने अस्थाई खत्तों की संख्या कम करने की कोशिश शुरू की है।

कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन

जगह-जगह एकत्र इस कूडे़ के निस्तारण के लिए नगर निगम 4 करोड़ रुपए की लागत से कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बनाने की योजना जल्द शुरू करने जा रहा है। इसके लिए नगर निगम ने 10 पोर्टेबल कांपेक्टर खरीदने के लिए ऑनलाइन टेंडर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।

सितंबर में हो सकता है शुरू

नगर निगम शुरुआत में पांच स्थानों के लिए 10 पोर्टेबल कांपेक्टर के साथ कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन शुरू करेगा। इसके लिए 10 पोर्टेबल कांपेक्टर और चार हुक लोडर खरीदने का टेंडर नगर निगम की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। ये टेंडर अगले माह 8 से 10 सितंबर को खुल सकते हैं।

इस तरह करेगा काम

टेंडर जल्द से जल्द फाइनल कर पांच स्थानों पर यह पोर्टेबल कांपेक्टर रखकर कूड़े को गली-मोहल्लों से एकत्र किया जाएगा और रोजाना इस स्टेशनों से डंपिंग ग्राउंड तक कूड़ा पहुंचाया जाएगा। इससे जगह-जगह कूड़े का ढेर नजर नहीं आएगा। एक पोर्टेबल कांपेक्टर में लगभग 10 से 12 टन कचरा एक समय पर भरा जा सकता है। एक कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन पर करीब 6 से 7 वार्ड का कचरा एकत्र होगा।

इन पांच जगहों पर बनेंगे

इस योजना के तहत कंकरखेड़ा मार्शल पिच, मंगलपांडे नगर, माधवपुरम, बच्चा पार्क और पुराना कमेला में कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बनाने के लिए जगह निर्धारित की जा चुकी है। इन कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के तीन तरफ दीवार बनाई जाएगी और इन्हें ऊपर से ढका जाएगा। इन स्टेशनों पर कैप्सूल आकार के दो-दो बंद पोर्टेबल कांपेक्टर रखे जाएंगे। इन्हें उठाकर डंपिंग ग्राउंड तक ले जाने के लिए चार हुक लोडर खरीदे जाएंगे।

न होगी गंदगी, न फैलेगी बदबू

इस कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन को गाजियाबाद में किए गए प्रयोग के आधार पर शुरू किया जा रहा है। इसके लिए निगम अधिकारियों को ट्रेनिंग के लिए गाजियाबाद भी भेजा गया था। इन ट्रांसफर स्टेशनों की यह खासियत रहेगी कि इनमें कूड़ा बंद रखा जाएगा। इसे खोलने और बंद करने के लिए पावर सप्लाई दी जाएगी। इससे न बदबू फैलेगी, न जगह-जगह गंदगी दिखाई देगी।

कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के लिए टेंडर वेबसाइट पर अपलोड किया जा चुका है। अगले माह टेंडर फाइनल करने का प्रयास होगा।

ब्रजपाल सिंह, सहायक नगरायुक्त