टाउनहाल में ताला देख कार्यकारिणी सदस्यों ने किया हंगामा

शपथ लेने पहुंचे कार्यकारिणी के पांच सदस्य, तिलकहाल के गेट पर ताला देख हंगामा

Meerut। शुक्रवार को प्रस्तावित नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह एक दिन पहले ही टाल दिया गया। अब 9 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह होगा। ऐसे में शुक्रवार को टाउन हॉल में शपथ लेने पहुंचे पार्षद दल और महापौर खेमे से कार्यकारिणी के पांच सदस्यों ने टाउन हाल में ताला लगा देख हंगामा कर दिया।

सदस्यों ने किया हंगामा

गौरतलब है कि नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्यों के शपथ ग्रहण को शुक्रवार को होना तय था, लेकिन इसे स्थगित करते हुए तारीख नौ मार्च कर दिया गया। लिहाजा सर्वदलीय पार्षद दल व महापौर खेमे से कार्यकारिणी के पांच सदस्य शपथ लेने के लिए सुबह टाउनहाल परिसर पहुंच गए, लेकिन तिलकहाल के गेट पर ताला लगा देखकर सदस्यों ने हंगामा कर दिया। इसके बाद ताला तो खुल गया लेकिन सदस्यों ने नगर निगम अधिकारियों पर कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना न देने का आरोप लगाया है।

चल रही थी सफाई

पार्षद अब्दुल गफ्फार, रंजन शर्मा, सितारा बेगम, नाजरीन और पार्षद इकरामुद्दीन ने बताया कि वह सुबह 10.30 बजे नगर निगम टाउनहाल पहुंचे तो सफाई चल रही थी। लेकिन तिलकहाल के गेट पर ताला लगा था। फोन कर जानकारी ली गई तो पता चला कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। यह सभी पार्षद कार्यकारिणी के निर्वाचित सदस्य हैं।

दर्ज कराई आपत्ति

उनका आरोप है कि नगर निगम अधिकारियों ने पांच मार्च को सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम का पत्र भेजा था। जिसके मुताबिक वह पहुंचे। अगर कार्यक्रम रात में स्थगित किया गया तो निगम अधिकारियों को सूचित करना था। महापौर सुनीता वर्मा के खेमे और सर्व दलीय पार्षद दल के इन सदस्यों ने कहा कि एक भी भाजपा पार्षद टाउनहाल परिसर नहीं पहुंचा था। इस मामले में सर्वदलीय पार्षद दल ने नगर निगम अधिकारियों से आपत्ति दर्ज कराई है।

हेडिंग डेयरियों से उखाड़े सबमर्सिबल पंप

नगर निगम प्रवर्तन दल ने शुक्रवार को अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाया। विरोध के बीच सात डेयरियों से सबमर्सिबल पंप उखाड़े गए। सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जसवंत तोमर के नेतृत्व में सफाई नायक अमित, जलकल अनुभाग और पुलिस के साथ मिलकर शास्त्री नगर सेक्टर तीन और चार में अभियान चलाया गया। कुल 11 अवैध डेयरियां चिंहित की गई थीं। टीम जब पहुंची तो चार डेयरियों में ताले लटके पड़े मिले। जबकि सात डेयरियों में सबमर्सिबल पंप पाये गए। जिनको उखाड़ने की कार्रवाई शुरू की गई तो डेयरी संचालक विरोध पर आ गए। लेकिन पुलिस की मौजूदगी सबमर्सिबल पंप उखाड़ दिए गए।

डेयरियों पर कार्रवाई

सात डेयरी संचालकों में राजेश चौहान, नौबत, हिमेश, मनोज, राजन, भारद्वाज और अमित की डेयरी पर कार्रवाई की गई। प्रवर्तन दल की टीम में सूबेदार जगबीर सिंह, हवलदार अनिल कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं, प्रवर्तन दल की दूसरी टीम ने हापुड़ रोड पर बिजली बंबा बाइपास से लेकर कमेले के पुल तक सड़क से अवैध अतिक्रमण हटाया। सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट शक्ति सिंह मलिक के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।