मेरठ, (ब्यूरो)। पांच साल में अगर डेंगू के मरीजों की संख्या को देखे तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। बीते पांच साल में डेंगू के कुल जितने मरीज आए थे, उतने अकेले साल 2021 में अब तक सामने आ चुके हैं। वही पांच साल में सबसे अधिक मरीज भी इसी साल सामने आ रहे हैं।

तेजी से बढ़ रहा डेंगू
डेंगू के मरीजों की संख्या रोजाना जिले में बढ़ती जा रही है। रोजाना 30 से अधिक नए मरीज जांच में सामने आ रहे हैं। वहीं रिकवरी प्रतिशत बढऩे के बाद भी एक्टिव मरीजों की संख्या 250 से अधिक बनी हुई है। इसी का नतीजा है कि जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 1200 के पार हो गई है। स्थिति को संभालने के लिए मेडिकल और जिला अस्पताल में डेंगू का अलग से वार्ड बनाया गया है, बावजूद इसके डेंगू के मरीजों ने पिछले 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकडों के अनुसार गुरुवार शाम तक 1222 मरीजों की पुष्टि हो चुकी थी। जबकि साल 2016 से लेकर 2020 तक डेंगू के कुल मरीजों की संख्या ही 1265 के करीब थी।

सबसे अधिक मरीज
वहीं, अगर स्वास्थ्य विभाग के बीते 5 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो डेंगू के मामलों में सबसे अधिक और तेजी से वृद्धि भी इसी साल 2021 में हुई है। आंकड़ों के अनुसार 2016 में 210 मरीज मिले थे। 2017 में 660 मरीज मिले। वहीं साल 2018 में 153, साल 2019 में 207 मरीज के बाद सबसे कम साल 2020 में मात्र 35 मरीजों की ही डेंगू की पुष्टि हुई थी। वहीं, इस साल अभी तक मरीजों की संख्या 1250 से अधिक पहुंच चुकी है।

ये है स्थिति
साल - डेंगू
2016 - 210
2017 - 660
2018 - 153
2019 - 207
2020 - 35
2021- 1222 अब तक

बढ़ रही जांच की संख्या
पिछले एक सप्ताह से डेंगू बुखार की जांच करने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ी है। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज में बुखार के जो मरीज भर्ती हैं, उनकी जांच सरकारी लैब से की जा रही है। जबकि निजी अस्पतालों में भर्ती लोग निजी लैब से सैंपल की जांच करा रहे हैं। जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज से पहले 40 से 50 लोगों की जांच होती थी, अब 70 से 100 मरीजों की प्रतिदिन जांच हो रही है।

डेंगू से बचाव के लिए लगातार जागरुकता शिविर और टेस्ट की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसी कारण इस साल केस भी अधिक सामने आ रहे हैं। वहीं हम करीब 80 प्रतिशत मरीज रिकवर कर चुके हैं।
- डॉ। अखिलेश मोहन, सीएमओ