निलंबित कर्मचारी ने गुरुवार को नगर निगम में मचाया उत्पात, फेंकी कुर्सियां

कंप्यूटर अनुभाग के कर्मचारियों से हाथापाई, अपर नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर जमीन पर लेटा

Meerut। मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने वालों से अवैध वसूली के आरोप में निलंबित कर्मचारी राहुल कुमार ने शराब पीकर नगर निगम में जमकर उत्पात मचाया और कहा यहां सबका रेट तय है। इसके बाद उसने जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन कार्यालय में घुसकर मुख्य लिपिक की कुर्सी फेंक दी। कंप्यूटर अनुभाग के कर्मचारियों ने रोकने की कोशिश की तो उनसे हाथापाई की।

ये है मामला

नशे में धुत निलंबित कर्मचारी के उत्पात से जन्म-मृत्यु कार्यालय में प्रमाण पत्र बनवाने आए लोगों में भगदड़ मच गई। निर्माण अनुभाग समेत अन्य कार्यालयों के कर्मचारी जमा हो गए। उत्पात मचा रहे कर्मचारी को पकड़कर नीचे ले गए। वह नशे में इतना धुत था कि अपर नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर जमीन पर लेट गया। बेहोशी का ड्रामा करने लगा। यह देख कर्मचारियों ने उसके परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिजन उसे साथ ले गए। निलंबित कर्मचारी राहुल कुमार कंप्यूटर अनुभाग में अनुचर था। एक दिन पहले मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत पर नगर आयुक्त मनीष बंसल ने उसे निलंबित किया था। उसे निलंबन आदेश गुरुवार दोपहर को मिला।

यहां सबका रेट तय है

जन्म-मृत्यु कार्यालय में हंगामे के दौरान नशे में धुत निलंबित कर्मचारी चिल्लाता रहा कि यहां सबका रेट तय है, लेकिन कार्रवाई सिर्फ उसी पर हुई। उसने जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन कार्यालय के मुख्य लिपिक पर उसके खिलाफ कार्रवाई कराने का आरोप लगाया।

निगम की व्यवस्था ठीक नहीं

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने आए लोगों ने निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। कहा कि जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन काउंटर एक गैलरी में है। इसमें अंधेरा छाया रहता है। न काउंटर के सामने खड़े होने की जगह है और न कहीं बैठने की। वहीं, घटना से कर्मचारियों में भी रोष है। उनका कहना है कि तीसरी मंजिल पर हाल खाली पड़ा है। वहां कार्यालय शिफ्ट कर दिया जाए। क्योंकि जिस कार्यालय में वह बैठते हैं वहीं, कंप्यूटर अनुभाग भी है। इससे काम करने में दिक्कत होती है।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी को मामले की जांच सौंपी गई है। उक्त कर्मचारी अभद्रता के लिए दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मनीष बंसल, नगर आयुक्त