10 साल में फरवरी माह में कभी नहीं रहा इतना तापमान

31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तापमान, सामान्य से 7 डिग्री हाई रहा

1 मार्च तक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान

Meerut। वेस्ट यूपी में अचानक से मौसम का पलटी खाना और तेज गर्मी होने से सभी को मई-जून जैसे महीने का अहसास होने लगा है। अगर शनिवार को मेरठ के तापमान की बात करें तो तापमान ने दस साल पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले 10 सालों में फरवरी माह में कभी तापमान इतना अधिक नहीं रहा। हालांकि फरवरी 2018 में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक जरूर पहुंचा था। मौसम विभाग द्वारा शनिवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो नार्मल से सात डिग्री हाई रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16 रहा, जो नार्मल से पांच डिग्री हाई रहा।

और बढ़ेगा तापमान

फरवरी के बीतने के साथ ही दिन का तापमान बढ़ने लगा है। अब दिन में धूप के साथ धूल भरी हवाएं चल रही हैं। स्वेटर और जैकेट को बॉय-बॉय बोल लोग दिन में शर्ट पहनकर बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसबार गर्मी अधिक है, इसके साथ ही जल्द ही गर्मी आने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष के अनुसार दिन गर्म हैं पर रात में हल्की सर्दी है। मौसम विभाग ने एक मार्च तक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास पहुंच जाने की आशंका जताई है।

पश्चिम विक्षोभ सक्रिय

एक मार्च के बाद तापमान में आंशिक गिरावट होगी। इसके पीछे कम तीव्रता का पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होना बताया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष के अनुसार इसके प्रभाव से तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। तीन और चार मार्च को हल्के बादल छाए रहेंगे। बारिश की संभावना हाल फिलहाल नहीं है। 20 से 26 फरवरी तक मौसम के ट्रेंड को देखें तो अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन पांच से छह डिग्री अधिक रहा है। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा है। यह ट्रेंड अभी जारी रहने के आसार हैं।