फायर विभाग का कहना, पहली नजर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात आ रही सामने

छह फायर बिग्रेड की गाडि़यों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

Meerut। परतापुर थाना एरिया के अच्छरौंडा में देर रात आवासीय कॉलोनी में स्थित एक हैंडलूम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटना के चलते क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद छह फायर बिग्रेड की गाडि़यों ने आग पर काबू पाया। आग से लाखों रूपये का माल जकर राख हो गया। वहीं परतापुर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। परतापुर पुलिस के साथ-साथ अग्निशमन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

ये है मामला

इंदिरापुरम निवासी प्रमोद गुप्ता की परतापुर के अच्छरौंडा में स्थित हैंडलूम फैक्ट्री जय गुरुदेव प्रिंटर्स के नाम से फैक्ट्री है। इनके गोदाम में मंगलवार देर रात दो बजे अचानक आग लग गई। जिसके बाद क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के बाद फायर बिग्रेड की लगभग आधा दर्जन गाडि़यां मौके पर पहुंची। हालांकि आवासीय इलाके में स्थित इस फैक्ट्री तक पहुंचने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घटनास्थल पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारी बामुश्किल फैक्ट्री की दीवार तोड़कर भीतर दाखिल हुए। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

तीन घंटे तक छिड़का पानी

मगर तीन घंटे तक फैक्ट्री में पानी का छिड़काव किया जाता रहा ताकि आग दोबारा विकराल रूप धारण न कर लें। इस दौरान दहशत के चलते क्षेत्रवासी अपने घरों से बाहर निकल आए। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पहली नजर में शॉर्ट सर्किट से ही आग लगने की बात सामने आ रही है। परतापुर इंस्पेक्टर आनंद प्रकाश मिश्रा का कहना है कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फायर विभाग की छह गाडि़यों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आवासीय क्षेत्र में फैक्ट्री चल रही थी, इसकी जांच की जा रही है।

अजय शर्मा, सीएफओ, मेरठ