पति और भाई ने की महिला की हत्या

प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख दिया वारदात को अंजाम

थाने जाकर किया सरेंडर, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की पड़ताल

Meerut। परतापुर थाना क्षेत्र की कश्यप कालोनी में रविवार की सुबह छत पर पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख पति ने साले के साथ मिलकर बीवी को मौत के घाट उतार दिया। फिर दोनों आरोपियों ने परतापुर थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये है मामला

कश्यप कॉलोनी निवासी मुस्तकीम मजदूरी करता है। मुस्तकीम की शादी कुछ साल पहले शबाना खातून से हुई थी। पुलिस के मुताबिक रविवार की सुबह मुस्तकीम ने शबाना को घर की छत पर पड़ोसी फरियाद के साथ आपत्तिजनक हालत में दबोच लिया। इस दौरान मुस्तकीम को देख शबाना का प्रेमी फरियाद मौके से फरार हो गया। गुस्से से तिलमिलाए मुस्तकीम ने फोन करके अपने साले मुजाहिद को भी घर पर बुला लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शबाना की जमकर पिटाई की और गला दबाकर उसकी हत्या कर डाली। शव घर पर छोड़कर जीजा-साले दोनो घर से बाहर निकल आए और दोनों आरोपियों ने खुद ही थाने जाकर सरेंडर कर दिया। परतापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया गया। इंस्पेक्टर परतापुर आनंद मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

हो रही थी बदनामी

हत्या करने के बाद थाने में सरेंडर करने के लिए फिल्मी स्टाइल में जीजा साले पहुंचे। थाने में पति बोला कि उसने अपनी पत्नी को मार डाला, जबकि दूसरे आरोपी ने कहा कि इसकी पत्नी मेरी बहन थी, मैंने भी खून किया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शबाना की वजह से लगातार बदनामी हो रही थी, जिसके चलते उन्होंने हत्या कर दी है।

बच गया फरियाद

जीजा और साले ने शबाना के साथ-साथ फरियाद की भी हत्या की प्लानिंग की थी, लेकिन फरियाद मौके से भाग गया था, उसका पता नहीं चल सका था। इसलिए वह बच गया। यदि फरियाद मौके पर पकड़ा जाता तो उसकी भी हत्या कर दी जाती। यह बात खुद पुलिस के सामने आरोपियों ने कबूली है।

फरियाद पर भी होगा केस

पूरी घटना फरियाद की वजह से हुई है। मुस्तकीम की पत्नी का अफेयर फरियाद से चल रहा था। ऐसे में पुलिस का कहना है कि विवेचना में फरियाद को भी शामिल कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी के बयान लिए जाएंगे, जो-जो इस घटना की वजह में सामने आएगा, उस पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

मुकदमा कायम कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो गई है। सख्त कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश सीओ ब्रह्मपुरी को दिए गए है।

अजय साहनी, एसएसपी