कैंट बोर्ड की नियमावली का होगा सरलीकरण, छह माह में दिखेगा असर

मनोहर पर्रिकर म्यांमार ऑपरेशन की तारीफ की

Meerut : केंद्रीय रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि योग से भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। हाल ही में हुए म्यांमार ऑपरेशन की उन्होंने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कहा कि यहां स्थित छावनी परिषद की नागरिक समस्याएं जल्द हल होंगी। इस दिशा में केंद्र सरकार ने प्रभावी कदम उठाये हेैं। देश भर की छावनी परिषद के नब्बे फीसदी मसले हल कर लिए गए हैं।

रक्षा मंत्री रविवार सुबह दस बजे यहां शास्त्रीनगर स्थित भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल के निवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि म्यांमार ऑपरेशन केंद्र की मजबूत रक्षा नीति का संकेत है। छावनी परिषद के मसले पर कहा कि केंद्र सरकार ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। इसमें सेना से भी रायशुमारी की गई है। एक्ट में संशोधन की दिशा में नब्बे फीसदी जटिलताएं दूर कर ली गई हैं। विकास को सरकार का सर्वोपरि एजेंडा बताते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में भारत की साख बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्थक पहल के आगे पूरी दुनिया नतमस्तक हुई, और योग के माध्यम से देश अब विश्वगुरु बनने की राह पर है। रक्षामंत्री ने पाकिस्तान में चल रहे आतंकी कैंपों को लेकर सतर्क रुख अपनाया। कहा कि भारत अपनी सुरक्षा में पूरी तरह समर्थ है। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उसे कन्फ्यूज पार्टी करार दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं से मतभेद भुलाकर अगले विस चुनाव में यूपी में झंडा बुलंद करने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डा। लक्ष्मीकांत बाजपेयी, कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, मेरठ दक्षिण विधायक रवींद्र भड़ाना, सरधना विधायक संगीत सोम, महापौर हरिकांत अहलूवालिया समेत पार्टी के कई बड़े नेता उपस्थित रहे। संबोधन से पहले रक्षा मंत्री रिमाउंट वेटनरी कोर ग्राउंड में पहुंचे और फौजियों के साथ योगासन किया। बाद में पाइन डिवीजन की तैयारियों का भी जायजा लिया।