इंडस्ट्रीज से लेकर कारोबारियों ने एडवांस आर्डर कर मंगाना किया शुरू

कांवड़ मार्ग बंद होने से बढ़ेंगे दाल और सब्जियों के दाम

Meerut। कांवड़ यात्रा आगामी 25 जुलाई से शुरू होगी। इससे 10 से 15 दिन के लिए दिल्ली रोड ठप हो जाएगी। यहां सिर्फ कांवडि़यों का आवागमन होगा। इससे दिल्ली से लेकर मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार तक सामान की आपूर्ति प्रभावित होगी। इससे स्पो‌र्ट्स से लेकर ज्वैलरी, गारमेंटस, इलेक्ट्रोनिक्स, स्टेशनरी से लेकर घरेलू उपयोग की चीजें जैसे दूध, दवा, फल व सब्जी की किल्लत हो सकती है।

दे रहे एक्स्ट्रा ऑर्डर

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर छोटे से लेकर बड़े व्यापारी अधिक डिमांड वाली चीजों को एडवांस और एक्स्ट्रॉ आर्डर देकर मंगवाने में जुटे हैं। ऐसे में फिर से महंगाई बढ़ सकती है।

कारोबार में छाएगी मंदी

कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली देहरादून मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन बंद होने से रॉ मटैरियल और सप्लाई पूरी तरह बंद होगी। ऐसे में कांवड़ यात्रा से पहले ही हर साल कुछ बड़ी इंडस्ट्रीज अपना एडवांस रॉ मटैरियल एकत्र कर लेते हैं, लेकिन अधिकतर छोटी इंडस्ट्रीज इतने लंबे समय तक के लिए एडवांस मॉल भी स्टोर नही कर पाती है। वहीं इंडस्ट्रीज बंद होने से सप्लाई में कमी आ जाती है। आर्डर को एक सप्ताह से दस दिन तक देरी से पूरा किया जाता है जिस कारण से काफी इंडस्ट्रीज को नुकसान भी उठाना पड़ता है।

कारोबार होगा प्रभावित

करीब 15 दिन तक शिवरात्रि के दौरान अधिकतर इंडस्ट्रीज से लेकर शोरुम में कार्यरत कर्मचारी कांवड़ यात्रा में भाग लेते हैं। इससे उद्योग प्रभावित होते हैं। पहले से ही लॉकडाउन के कारण नुकसान झेल रहे व्यापारियों के लिए दिक्कतें हो सकती हैं।

एडवांस आर्डर पर निर्भर

खैर नगर में भी कांवड़ यात्रा में रोजाना 30 से 40 करोड़ का कारोबार प्रभावित हो जाता है। अधिकतर बड़ी कंपनियों की दवा की सप्लाई इस दौरान बंद रहती है। इसलिए अधिकतर दवा व्यापारी पहले से ही जरुरी दवा का स्टॉक एकत्र करके रख लेते हैं।

फल व सब्जी में उछाल

जुलाई में ही फल व सब्जियों के दाम में 10 रुपए से लेकर 40 रुपए तक का इजाफा हो गया। आशंका है कांवड़ यात्रा में इसमें तेजी आएगी। फल, सब्जियों के दाम में 10 से 30 रुपए तक इजाफा हो सकता है.वैसे दस दिन के लिए स्टॉक पहले से ही रख लिया जाता है लेकिन फुटकर विक्रेता दाम बढ़ा देते हैं।

वर्तमान स्थिति

फलों की कीमत

फल दाम रुपए किलो संभावित दाम

सेब 180 से 200 220

अनार 100 से 120 140 से 150

आम 40 से 50 50 से 55

नाश्पाती 30 से 40 40 से 45

मौसमी 80 से 90 100 से 110

केला 40 से 50 60 से 70

सब्जियों के दाम

सब्जी दाम

लौकी 30 से 40 35 से 45

तौरी 45 से 50 55

फुल गोभी 40 से 50 60

हरा धनिया 100 120

प्याज 30 से 40 50 से 55

टमाटर 30 से 35 40 से 50

आलू 25 से 30 30 से 40

अभी तो कारोबारी कोरोना के असर से ही नही उभर पाया है। ऐसे में कांवड़ यात्रा के दौरान बंदी के लिए कारोबारी बिल्कुल तैयार नही है। लेकिन यह आस्था का विषय है इसलिए जैसी व्यवस्था प्रशासन बनाएगा उसके अनुसार काम होगा।

अनुराग अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष आईआईए

इंडस्ट्रीज का कारोबार हर साल कांवड यात्रा के दौरान 8 से 10 दिन के लिए प्रभावित होता है। ऐसे में बडे़ इंडस्ट्रीलिस्ट एडवांस रॉ मेटेरियल अपनी क्षमता अनुसार एकत्र कर लेते हैं लेकिन कई इंडस्ट्रीज की स्टोरिंग कैपेसिटी इतनी नही है। इसलिए उनके लिए काफी नुकसान होता है। वहीं लेबर भी डेली वेजेज वाली होती है जो इस दौरान नही आती है।

अंकित सिंघल, उपाध्यक्ष आईआईए

कांवड़ यात्रा के दौरान बाजारों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए। 8 से 10 दिन के लिए बाजारों का कारोबार बंद रहता है। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान होता है।

मनोज गुप्ता, वैश्य समाज जिलाध्यक्ष

यात्रा के दौरान मेरठ से जाने व मेरठ को आने वाला सभी प्रकार का ट्रांसपोर्ट पूरी तरह बंद रहता है। इससे ट्रांसपोर्टरों को हर साल लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ता है। मेरठ के बाहर ही ट्रक कई कई दिनों तक के लिए खडे़ रहे। मार्ग बंद होने से लंबी दूरी से घूम कर माल पहुंचना पड़ता है इससे भी डीजल की खपत और समय अधिक लगता है।

गौरव शर्मा, अध्यक्ष ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन

सब्जियों के दाम कांवड़ के दौरान हर साल 10 से 20 रुपए बढ़ जाते हैं। यात्रा के दौरान फल सब्जी की आवाजाही बंद नही होती है लेकिन कम जरुर हो जाती है। ऐसे में माल शार्टेज इतनी नही रहती लेकिन फुटकर विक्रेता अपने आप दाम बढ़ा देते हैं।

भूषण शर्मा, अध्यक्ष सब्जी मंडी

कांवड के दौरान दिल्ली रोड से जुडे़ अधिकतर बाजार जैसे सदर बाजार, आबूलेन, बेगमपुल, दिल्ली रोड, शारदा रोड आदि का बाजार लगभग बंद सा हो जाता है। ग्राहक बाजारों तक नही आ पाता इससे व्यापारी पूरी तरह प्रभावित रहता है। व्यापारी लगातार लॉक डाउन के कारण पहले से परेशान है ऐसे में इस बार कांवड यात्रा के साथ साथ बाजार संचालित किए जाने की प्रशासन द्वारा व्यवस्था होनी चाहिए।

अमित बंसल, मंत्री संयुक्त व्यापार मंडल

छह फीट तक कवर होंगे बिजली के खंभे

कोरोना संक्रमण के खतरे के कम होते ही शासन व प्रशासन कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुट गया है। विद्युत विभाग भी गत वर्षो की तरह कांवडि़यों की सुरक्षा और सुविधा के लिए तैयारियों में जुट गया है। कांवड़ मार्ग पर विद्युत लाइनों से लेकर विद्युत पोल को दुरुस्त करने के लिए एमडी पॉवर के स्तर पर योजना बनाकर निर्देश जारी किए गए हैं। 25 जुलाई से आयोजित होने वाली कांवड यात्रा के दौरान और पूरे कांवड मार्ग पर विद्युत आपूर्ति बाधित नही होगी।

दुरुस्त होंगे विद्युत पोल

यात्रा से पहले ही मुख्य कांवड़ मार्गो पर लगे परिवर्तक की बारकेडिंग की जाएगी। इसके अलावा बिजली के खंभों पर 6 फीट तक इंसुलेटेड शीट लगवाकर सुरक्षित किया जाएगा। पूरे कांवड मार्ग पर लूज लाइन की टाइटनिंग क्रॉसिंग पर गाìडग की जांच का काम किया जाएगा। एमडी पावर ने कांवड मार्ग पर लाइन और पोल को दुरुस्त करने के लिए 20 जुलाई तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

कांवड़ यात्रा पर जाएंगे, पर सतर्क भी रहेंगे

पश्चिम उत्तरप्रदेश में सावन महीने में कांवड़ यात्रा का विशेष महत्व है। हर साल बड़े ही हर्षोल्लास के साथ शिवभक्त कांवड़ लेने जाते हैं। वहीं, कोरोना काल में बीते साल कांवड़ यात्रा को कैंसिल कर दिया गया था। हालांकि, इस बार कांवड़ यात्रा की मंजूरी के बाद के शिवभक्तों में फिर से उत्साह देखा जा रहा है।

मैं हसबैंड व परिजनों के साथ कांवड़ लेने जाती हूं। बीते साल कोरोना के कारण नहीं जा सके थे। एक साल बाद अवसर मिला है, इस बार पूरी सुरक्षा के साथ जाएंगे। अपने बर्तन तक साथ रखेंगे।

रीना ठाकुर

इस बार कांवड़ यात्रा में कोशिश रहेगी बाहर का कुछ न लेना पड़े। अपने बर्तन, सूखा खाने का सामान व पानी की बोतल सब लेकर जाएंगे। मास्क पहनकर जाएंगे ताकि कोविड से सुरक्षा रहे

विनेश तोमर

वैक्सीन लगवा ली है। मेरी दूसरी डोज भी लगने वाली है। इसके अलावा मास्क पहनकर जाऊंगा। एक साल बाद जाकर मैका मिला है बाबा को मनाने का।

संदीप