मेरठ (ब्यूरो)। गौरतलब है कि पिछले एक साल में घरेलू सिलेंडर के दाम में 190 रुपए से ज्यादा का इजाफा हो चुका है। वहीं सालभर के आंकडों पर नजर डालें तो 1 मई 2021 को घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 809 रुपए थी, जो अब एक साल बाद बढ़कर 999.50 रुपए पर पहुंच गई है। यानी बीते एक साल में घरेलू गैस सिलेंडर कीमत 190.50 बढ़ी है।

इस तरह एक साल में बढ़े गैस के दाम
मई 2022 999.50
मार्च 2022 949.50
जनवरी 2022 899.50
अक्टूबर 6, 2021 899.50
अक्टूबर 1, 2021 884.50
अगस्त, 18, 2021 859.50
अगस्त, 1, 2021 834.50
जुलाई 1, 2021 834.50
मई 1, 2021 809
अप्रैल 1, 2021 809
मार्च 1 , 2021 819
फरवरी 25, 2021 794
फरवरी 15, 2021 769
फरवरी 4, 2021 719
जनवरी 1, 2021 694

आठ साल में कीमत दोगुनी
वहीं, पिछले आठ साल की बात करें तो घरेलू गैस सिलेंडर का दाम दोगुने से अधिक पार कर चुका है। 14.2 किलोग्राम घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत मार्च 2014 में 410.05 रुपए थी, जो अब 999.50 रुपए हो गई हैैं।

कमर्शियल सिलेंडर भी महंगा
हालांकि कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में शनिवार को कोई इजाफा नहीं हुआ है। इससे पहले 1 मई को कमर्शियल सिलेंडरों के दाम 102 रुपए बढ़े थे। मई से पहले कमर्शियल सिलेंडरों के दाम में 1 अप्रैल को 250 रुपए तक का इजाफा किया गया था। इसके बाद अब इनकी कीमत 2,355 रुपए हो गई है।

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढऩे का कोई कारण नहीं है। बस दाम बढ़ाए जा रहे हैं क्योंकि मध्यमवर्गीय लोगों की समस्या या बजट पर किसी का ध्यान नहीं है। इससे रसोई का छोड़ो घर तक का बजट बिगड़ गया है।
भानु प्रिया

हर साल कई-कई बार गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, सब्जियों के दाम पूरे साल बढ़े हुए रहते हैं। गैस के अलावा दाल और तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। आम आदमी पर ही बोझ डाला जा रहा है।
पूजा शर्मा

यह तो सरकार को सबसे आसान रास्ता मिल गया है कि आम आदमी की जरुरत की चीजों के दाम बढ़ाते रहो। क्योंकि कोई कुछ रोकने वाला या कहने वाला है नहीं। गरीब और गरीब और अमीर और अमीर हो रहा है।
संगम

देखा जाए तो आम आदमी के लिए अब घर पर खाना बनाना और बाहर जाकर खाना दोनों ही बजट से बाहर हो गया है। तेल, दाल, आटा और मसाले सब पहले से ही मंहगे हैं। वहीं गैस के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
तपन गोयल