मेरठ (ब्यूरो)। मेरठ ज्वेलरी शो के तीसरे व अंतिम दिन सांसद राजेंद्र अग्रवाल और जिलाधिकारी दीपक मीणा ने पूरी प्रदर्शनी का बहुत ही जिज्ञासा के साथ अवलोकन किया। प्रदर्शनी स्थल पर जिलाधिकारी ने सर्राफा व्यापार के संबंध में सूक्ष्म बातों की जानकारी ली। उन्होंने पूछा किस तरह से मेरठ के सराफा व्यापार को आगे बढ़ाया जा सकता है। कॉमन फैसिलिटी सेंटर की क्या संभावनाएं हैं। उसमें शासन और प्रशासन किस तरह से आप लोगों की मदद कर सकता है। इस दौरान मेरठ में बनी ज्वैलरी के एक्सपोर्ट के संदर्भ में भी जिलाधिकारी द्वारा संभावनाएं व्यक्त की गई।

मेरठ को मिले स्वर्णनगरी का दर्जा
उद्घाटन सत्र में सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने अपने संबोधन में मेरठ भी बनी ज्वेलरी की प्रशंसा की। उन्होंने मेरठ के सर्राफा कारोबारियों के हौसले और हुनर की उन्होंने बहुत सराहना की। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि समूचे भारत में ही नहीं अपितु समूचे विश्व के अंदर मेरठ की बनी हुई ज्वेलरी महत्वपूर्ण स्थान रखती है। मेरठ की बनी ज्वेलरी को अन्य प्रदेशों के माध्यम से ब्रांडिंग करके एक्सपोर्ट किया जाता है। मेरठ के अंदर ज्वेलरी पार्क/फैक्ट्री प्लेटेड कंपलेक्स बने यह हमारा प्रयास है। नई सडक़ पर नगर निगम के स्वामित्व वाली जगह बहुत उपयुक्त सुरक्षित और एप्रोच वाली है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को इस संदर्भ में पत्र भी लिखा है। मेरठ को स्वर्णनगरी का दर्जा मिले हम इसके लिए भी प्रयास करेंगे।

अनामिका अंबर ने सुनाई कविता
इस दौरान डीएम और सांसद ने गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने वाले मेरठ के सर्राफा व्यापारी हर्षित बंसल द्वारा बनवाई गई घड़ी को भी देखा। साथ ही टीवी कलाकार मनीष वाधवा, कवयित्री अनामिका अंबर ने भी प्रदर्शनी की भरपूर प्रशंसा की। कवयित्री अनामिका ने अपनी कविता की कुछ पंक्तियां सुना कर उपस्थित लोगों की तालियां बटोरी। इस दौरान चाणक्य फिल्म और आने वाली फिल्म गदर सीक्वेंस 2 के मुख्य विलेन मनीष वाधवा भी उपस्थित रहे।