मेरठ (ब्यूरो)। कहावत है कि आपके घर में अगर मेरठ की कैंची है तो उसे कम से कम तीन पीढिय़ां तो यूज ही करेंगी। जी हां, कुछ ऐसी ही पहचान है कि मेरठ की कैंची की। इसकी धार की धमक समूची दुनिया में है। यहां की विशेष कैंची की लोकप्रियता के कारण इसे जीआई टैग तक मिल चुका है। खास बात यह है कि मेरठ की कैंची से हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है।

कई पीढिय़ां कैंची उद्योग से जुड़ी
खास बात यह है कि कई परिवारों की पीढिय़ां इस कैंची उद्योग में जुटी हैं। जो पीढ़ी दर पीढ़ी अपने इस हुनर को आगे बढ़ा रहे हैं। यहां की कैंची की धमक दुनिया में है, लेकिन यह जहां बनती है वहां की दुश्वारियों को नहीं काट पा रही है। इस उद्योग को प्रशासन स्तर पर अलग सुविधाएं मिलना तो दूर बेसिक सुविधाएं तक नही मिल पा रही हैं। पुराने शहर के बीचों बीच बसे कैंची और बुनकर कारोबारियों की कई साल से मांग जस से तस बनी हुई है।

40 साल से सुविधाओं की मांग
गौरतलब है कि करीब 1982 में कैंची उद्योग की शुरुआत बतौर घरेलू उद्योग श्यामनगर मोहल्ले की गलियों में शुरु किया गया था, लेकिन आज घरेलू उद्योग के तौर पर इस कार्य ने उद्योग की शक्ल ले ली है। श्याम नगर की 30 से ज्यादा गलियों में कैंची की फैक्ट्रियों का संचालन हो रहा है। यह पूरा क्षेत्र कैंचीयान मोहल्ले के नाम से इंडस्ट्री के तौर पर विकसित हो चुका है। लेकिन 40 साल बाद भी आज तक इस औद्योगिक क्षेत्र में विकास की दरकार है।

अव्यवस्थाओं की मार
कैंची कारोबार के साथ ही इस क्षेत्र में बुनकर नगर इंडस्ट्रीयल एरिया और शादी महल इंडस्ट्रीयल एरिया गलियों में संचालित हो रहा है। करीब 80 से अधिक छोटी बड़ी इंडस्ट्रीज इन गलियों में संचालित हो रही हैं। लेकिन इसके बाद भी बुनकर, प्रिंटिंग और आयरन कारोबार से जुड़े कारोबारियों के लिए सीवर लाइन, कूड़ा कलेक्शन, पेय जल, साफ सफाई तक की बेसिक सुविधाएं उपलब्ध नही हैं।

फैक्ट्स एक नजर में
40 साल पहले श्यामनगर में शुरु हुआ कैंची और बुनकर का कारोबार
3 प्रमुख इंडस्ट्रीयल एरिया हुए विकसित-बुनकर नगर, कैंचीयान, शादी महल इंडस्ट्रीयल एरिया
80 से अधिक इंडस्ट्रीज का हो रहा संचालन

यह हैं समस्याएं
ट्रांसपोर्टेशन के लिए चौड़ी सड़कों का अभाव
साफ सफाई के लिए कूड़ेदान तक की व्यवस्था नही
जगह जगह कूड़े का ढ़ेर, गंदगी
नालियों में जलभराव
सीवर लाइन तक की व्यवस्था नही

कैंचियान इंडस्टियल एरिया कैंची निर्माण की सबसे पुराना और प्रमुख लघु उद्योगिक एरिया है, लेकिन यहां साफ सफाई, जल निकासी, कूड़ा कलैक्शन की सुविधा का आभाव है।
शरीफ अहमद

हमारे औद्योगिक क्षेत्र में साफ सफाई की प्रमुख समस्या है। नियमित सफाई होनी चाहिए। इससे यहां पर सुधार हो सकता है।
परवेज एहमद, सोमा सीजर कंंपनी

जल निकासी के लिए सीवरेज की समस्या का निस्तारण होना जरूरी है। बरसात में ये प्रमुख समस्या है।
मो। जाकिर, वाइस प्रेसिडेंट ऑफ क्लोजर क्लटर मेरठ

कैंचियान में नियमित रूप से साफ सफाई, कूड़ा कलेक्शन किया जा रहा है। जहां समस्या है उस जगह पर तुरंत सफाई की जाएगी।
डॉ। हरपाल सिंह, नगर स्वास्थ अधिकारी