मेरठ (ब्यूरो)। बीते साल सितंबर माह में कागज की कमी के कारण 20 हजार से अधिक आरसी यानि रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट पेंडिंग हो गए थे। तब दो माह तक बिना आरसी के वाहन मालिक परेशान रहे थे। इसके बाद अब जुलाई माह में एक बार फिर आरटीओ पुरानी स्थिति में आ गया।
बीते 20 दिनों से कमी
पिछले 20 दिन से अधिक समय से आरसी के कागज की कमी होने के कारण आरसी प्रिंट नही हो पा रही हैं। इस समय विभाग के पास करीब 12 हजार पेंडिंग आरसी जारी करने के लिए आरसी प्रिंट पेपर का मैटेरियल नहीं है।

विशेष कागज पर प्रिंट होती है आरसी
आरसी के लिए विशेष कागज का प्रयोग होता है जिसकी छपाई विशेष प्रेस से कराकर मंगाई जाती है। इस कागज आपूर्ति का ठेका परिवहन मुख्यालय स्तर से होता है। प्रदेश के सभी आरटीओ को लखनऊ से ही इस कागज की आपूर्ति की जाती है। आरटीओ को मासिक कोटे के आधार पर हर महीने कागज की आपूर्ति की जाती है। इस कारण से आरसी का कागज आए दिन खत्म होता रहता है। पिछले एक साल में 3 बार आरटीओ कार्यालय में कागज की शार्टेज हो चुकी है। इसके चलते न तो नई आरसी जारी हो पा रही है और न ही डुप्लीकेट।

आरसी पेपर की कमी के कारण बीच में आरसी प्रिंट नही हो पा रही थी। हमने मुख्यालय डिमांड की थी अब पेपर मिल चुका है जल्द आरसी जारी होना शुरु हो जाएंगी।
कुलदीप सिंह, एआरटीओ प्रशासन