आकाश हत्याकांड मामले में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने जा रही थी महिलाएं,

चंद्रशेखर के मेरठ आने की सूचना पर पुलिस रही अलर्ट

Meerut। आकाश हत्याकांड के कातिलों की गिरफ्तारी की मांग करने के लिए कलक्ट्रेट जा रही महिलाओं पर क्रोम होटल के सामने पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान तीन महिलाएं चोटिल भी हो गई। पुलिस से तीखी नोकझोक भी हो गई। पुलिस ने तीन महिलाओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि, बाद में महिला को छोड़ दिया गया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। वहीं चंद्रशेखर मेरठ तक न आए इसलिए सभी सीमाएं सील कर दी गई थी। पूरा फोर्स तैनात कर दिया गया था।

खूब हुई नोकझोंक

इस दौरान महिलाओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में महिलाएं वापस चली गई और मामला शांत हो गया।

भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन

भीम आर्मी के नेताओं ने कलक्ट्रेट में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को खूब खरी खोटी सुनाई। चंद्रशेखर मेरठ में न आए इसको लेकर पुलिस ने खास रणनीति बनाई थी। बताया जा रहा है पुलिस ने आकाश के भाई आलोक से चंद्रशेखर को फोन भी कराया था।

आलाधिकारी भी अलर्ट

एसपी क्राइम, एसपी सिटी समेत तमाम अधिकारी पल-पल का अपडेट ले रहे थे ताकि किसी भी तरह से चंद्रशेखर मेरठ में एंट्री न कर लें।

चारों तरफ की सीमाएं सील

आकाश के कातिलों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चंद्रशेखर ने कलक्ट्रेट को घेरने का ऐलान किया था। जिसको लेकर पुलिस प्रशासन के सुबह से ही हाथ पांव फूले थे। कलक्ट्रेट पर एसपी क्राइम और दो सीओ के साथ मजिस्ट्रेट को तैनात कर दिया गया था। इसके साथ ही महिला कांस्टेबल और एसओ महिला थाना भी तैनात की गई थी। इसके अलावा शहर की सभी सीमाएं भी पुलिस ने सील कर दी थी। इधर शॉपरिक्स मॉल के बाहर फोर्स को तैनात कर दिया गया था। वहीं बेगमपुल, जेलचुंगी, जीरो माइल, तेजगढ़ी समेत शहर के सभी प्वाइंटों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। पीडि़त आजाद के घर पर फोर्स और महिला कांस्टेबल की तैनाती की गई थी। कलक्ट्रेट में पीएसी भी तैनात थी।

बदर अली को हिरासत में लिया

चंद्रशेखर के आने से पहले ब्रह्मापुरी पुलिस ने युवा सेवा समिति के अध्यक्ष और भीम आर्मी पार्टी के नेता बदर अली को हिरासत में ले लिया था। हालांकि, शाम होने पर बदर अली को छोड़ दिया गया।