कमरे से मिला सुसाइड नोट

उसकी शादी परिवार के लोगों ने दूसरी जगह कर दी थी। इसलिए उसका रोहन के बिना मन नहीं लगता था। अपने मन को कई बार समझाने की कोशिश की। तब भी हर समय रोहन ही दिखाई देता है। रोहन से अलग रहकर जीने का कोई अर्थ नहीं है। जिंदा रहकर नहीं मिल सकते तो एक साथ मरकर मिल जाएंगे। इसलिए अपनी मर्जी से जान दे रहे है। हमारी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं है।

तिरुपति होटल में प्रेमी-युगल ने जहर खाकर दी जान

युवती की शादी परिवार के लोगों ने दूसरी जगह करने पर उठाया आत्मघाती कदम

बेड पर शव पड़े, पास में सुसाइड नोट रखा, डस्टबिन में सल्फास का पाउच मिला

Meerut। दिल्ली रोड स्थित तिरुपति होटल के रूम में प्रेमी-युगल ने जहर खाकर जान दे दी। युवती के परिवार के लोगों ने दूसरी जगह शादी तय कर दी थी, जिसके चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया है। होटल के कर्मचारी ने दूसरी चाभी से कमरा खोलकर दोनों के शव बेड पर पड़े देख तो पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई।

पहुंचे थे बर्थ डे मनाने

टीपीनगर थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित मोहकमपुर में तिरुपति होटल में शुक्रवार की दोपहर साढ़े 12 बजे मोहकमपुर के रोहन और शिवपुरम की रहने वाली अर्चना ने कमरा बुक किया था। होटल स्वामी नवनीत ने बताया कि दोनों ने बर्थ-डे पार्टी मनाने के लिए कमरा बुक किया था। दोनों खाने का सामान भी साथ लेकर आए थे। शाम को करीब पांच बजे रोहन ने अपनी बाइक को होटल की अंदर पाìकग में खड़ा किया। उसके बाद फिर से रूम के अंदर चला गया। दोनों ने रात में कोई आर्डर नहीं दिया। उनका कहना था कि खाने का सभी इंतजाम साथ लेकर आए है।

बेड पर पड़े थे शव

वहीं, सुबह दस बजे तक भी दोनों कमरे से बाहर नहीं आए। तब होटल के स्टाफ गौरव ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खोला गया तो होटल के स्टाफ ने तीस मिनट बाद दोबारा से दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुला तो स्टाफ ने दूसरी चाभी से गेट खोला। देखा कि बेड पर दोनों के शव पड़े हैं और पास ही एक सुसाइड नोट रखा था। डस्टबिन में सल्फास का खाली पाउच पड़ा था। बेडरूम की चादर पर उनके मुंह से निकला सफेद पाउडर पड़ा हुआ था।

पुलिस को सूचना

दोनों को मृत अवस्था में देखकर टीपीनगर पुलिस को सूचना दी गई। टीपीनगर पुलिस के साथ ही एसपी सिटी विनीत भटनागर भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल ही उन्होंने फोरेंसिंक टीम को बुलाया। टीम ने फिंगर प्रिंट उठाए। साथ ही जहरीले पदार्थ के पाउच को भी कब्जे में लिया। उसके बाद दोनों मृतकों के परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी।

प्रेमी-युगल ने तिरुपति होटल में सुसाइड कर लिया है। दोनों के पास से सुसाइड नोट भी पुलिस को मिला है। फोरेंसिंक टीम से मामले की जांच कराई जा रही है। फिलहाल दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर उनके परिवार को सौंप दिया जाएगा।

विनीत भटनागर, एसपी सिटी

दो माह पहले ही अर्चना की बदायूं में हुई थी शादी

रोहन और अर्चना एक-दूसरे पर जान छिड़कते थे। करीब तीन साल पहले से दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए थे। दोनों ने शादी करने का कई बार निर्णय लिया। मगर अर्चना के परिवार ने रोहन की बिरादरी अलग होने की वजह से शादी करने से इनकार कर दिया। साथ ही दो माह पहले अर्चना की शादी कर दी थी। शादी के बाद भी अर्चना रोजाना फोन पर रोहन से बात करती थी। अर्चना एक सप्ताह पहले ही ससुराल से मायके आई थी।

पिता ने कर दी शादी

अर्चना के पिता दीनदयाल ने बताया कि मूलरूप से कासगंज के रहने वाले हैं। करीब पंद्रह साल पहले मेरठ में आकर रहने लगे थे। यही पर मजदूरी करने के बाद शिवपुरम में अपना घर भी बना लिया था। पहले परिवार के लोगों को अर्चना के रोहन से मिलने की कोई जानकारी नहीं थी। दो माह पहले उन्हें जानकारी हुई। तब पता चला कि रोहना उनकी बिरादरी का नहीं है। इसलिए अर्चना की शादी उससे करने से इनकार कर दिया था, जबकि रोहन का परिवार शादी करने के लिए तैयार था। इसके बाद दीनदयाल ने दो माह पहले अर्चना की शादी बदायूं के बरखेड़ा निवासी दिनेश से कर दी।

जन्मदिन मनाने पहुंचे

शादी के बाद भी अक्सर अर्चना रोजाना रोहन से बातचीत करती थी। 25 जून को ही ससुराल से मायके में आ गई थी। उसके बाद रोहन से मिलना शुरू कर दिया। अर्चना ने रोहन को बताया था कि उसके बिना जी नहीं सकती है। सुसाइड नोट के मुताबिक तभी दोनों ने आत्महत्या करने का निर्णय लिया।

आईडी पर बुक कराया कमरा

शुक्रवार की दोपहर को पिता को खाना देने के बाद अर्चना चुपके से घर से बाहर आ गई, जहां पर पहले से ही रोहन बाइक लेकर खड़ा था। रोहन की बाइक पर बैठकर दोनों तिरुपति होटल में पहुंचे। दोनों ने अपनी आईंडी पर कमरा बुक किया। दोनों ने होटल स्टाफ को दर्शाया था कि जन्मदिन पार्टी मनाने आए हैं।