मेरठ(ब्यूरो)। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह की अध्यक्षता में 27 सितंबर को किसान पदयात्रा सहारनपुर से चलकर मेरठ के चौधरी चरण सिंह पार्क पहुंची थी। तब से किसान सभी किसानों का समस्त ऋण माफ किया जाए, सभी फसलों पर समर्थन मूल्य कानून बनाया जाए, गन्ने का मूल्य कम से कम 450 रुपये किया जाए आदि अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैैं। सरकार की तरफ से अनदेखी की जाने पर किसानों ने शनिवार को 16 जिलों के किसानों से महापंचायत में एकत्र होने का आह्वान किया था। लेकिन इस दौरान पुलिस द्वारा किसानों को धारा 149 का नोटिस थमाने पर किसान भड़क उठे।

जमकर की नारेबाजी
उन्होंने जिला प्रशासन के साथ ही सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। किसान मजदूर संगठन अध्यक्ष ठा। सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन मनमानी पर उतारू है। किसान अपनी मांगों को लेकर एक सप्ताह से शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन कर रहे हैैं। कहा कि संगठन कमिश्नर के माध्यम से मांगों को मनवाने के लिए सीएम से मिलने की रणनीति तैयार करेगा। इसके बाद ही अग्रिम रणनीति तैयार की जाएगी। किसान महापंचायत में हरियाणा से भी किसान पहुंचे। इसके साथ ही यूपी के हाथरस, अलीगढ़, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, बदायूं, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद आदि जिलों के किसानों ने चरण सिंह पार्क पहुंचकर महापंचायत को मजबूत करने में अपना योगदान दिया। इस मौके पर हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नरपत सिंह राणा, कवि योगेश प्रियदर्शी, श्यामवीर प्रधान अर्जुनपुर, भारतीय किसान आंदोलन के राष्ट्रीय प्रवक्ता हाजी मो। अर्सी, प्रदेश प्रवक्ता गोगा, सुधीर त्यागी जड़ोदा आदि मौजूद रहे।

किसानों का बढ़ाया जोश
किसान महापंचायत को मजबूती देने के लिए कवि योगेश प्रियदर्शी ने मंच से किसानों की हकीकत दर्शाती कविता पढ़ी। उनकी कविता सबकी कहानी है ये, सबकी कहानी है, इसी जैसे गांव की ये बोलती कहानी हैपर पार्क में मौजूद किसानों में एक अलग जोश दिखाई दिया। उन्होंने अपनी इस कविता पर खूब तालियां भी बटोरीं।