जिले में दिखा पश्चिमी विक्षोभ का असर, शुक्रवार शाम जिले में कहीं-कहीं हुई बूंदाबांदी

10 जून के बाद बढ़ेगा तापमान, उमस भरी गर्मी का अहसास बना रहेगा

Meerut। पिछले दिनों सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर शुक्रवार शाम दिखाई दिया। जिसके चलते घटा छाई और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। वहीं तेज हवाओं के साथ पानी की बौछारों ने लोगों को गर्मी से राहत भी दी। दरअसल, देर शाम मौसम का मिजाज अचानक से बदल गया। आसमान में बादल छाने के साथ ही तेज हवाएं चलने लगीं। वहीं हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष के अनुसार लोकल क्लाइमेट चेंज के चलते ही ऐसा हुआ है, मानसून भी आने वाला है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बार-बार बदल रहा है। आने वाले छह दिनों में स्ट्रांग सरफेस हवा रहेगी। इन दिनो में हवा का रुख 14 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा तक जा सकता है।

अधिकतम तापमान 37 डिग्री

शुक्रवार को मौसम विभाग द्वारा अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में आज मौसम साफ रहेगा मगर शाम में हल्की बूंदाबांदी कहीं-कहीं हो सकती है।

40 तक पहुंचेगा पारा

मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष के मुताबिक अब जिले पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। 10 जून के बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि आसमान में बादल छाने के आसार भी बने रहे हैं। दक्षिणी-पश्चिमी दिशा से 22 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी बन रही है। फिर हवा की दिशा बदलकर पश्चिमी हो जाएगी। ऐसे में तापमान फिर चढ़ेगा और आर्द्रता गिरने की संभावना रहेगी। इससे उमस भरी गर्मी का अहसास बना रहेगा।