सीसीएस यूनिवर्सिटी में किया गया मिशन शक्ति अभियान का शुभारंभ

शारदीय नवरात्र से वासंतिक नवरात्र तक चलेगा मिशन शक्ति अभियान

Meerut। नारी घर का सम्मान है, शक्ति है नारी, सबको जीवन देने वाली, मौत भी तुझसे हारी है। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, गरिमा, सशक्तीकरण और स्वावलंबन के लिए चलाये जा रहे मिशन शक्ति अभियान का शुभारंभ शनिवार को चौ। चरण सिंह विवि में धूमधाम से किया गया।

एलईडी वैन हुई रवाना

विवि के सुभाष चन्द्र बोस प्रेक्षागृह में सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहाकि नारी का सम्मान परंपरागत रूप से हमारे संस्कार का हिस्सा रहा है। भगवती के रूप में पूजा जाता है। गर्व का विषय है कि प्रदेश सरकार ने नवरात्र के अवसर पर यह अभियान प्रारंभ किया है। इस अवसर पर मल्लू सिंह आर्य कन्या इंटर कालेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व नाटिका का मंचन किया। इसके बाद सांसद व अधिकारियों ने अभियान के प्रचार प्रसार के लिए एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक किठौर सत्यवीर त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने नारी सशक्तिकरण व स्वाभिमान के लिए कई कार्य किए है।

लड़कियां किसी से पीछे नहीं

कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने कहा कि आज से मिशन शक्ति अभियान की शुरूआत पूरे प्रदेश में हो रही है। उन्होने कहा कि देश की 50 प्रतिशत आबादी का सम्मान सभी के लिए आवश्यक है। उन्होने कहा कि नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। बेटी के जन्म से पहले ही सरकार द्वारा संचालित योजनाएं शुरू हो जाती है। पात्रों को आगे आकर उन योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। आज लड़कियां किसी से पीछे नहीं है तथा प्रत्येक क्षेत्र में अपना व अपने परिवार का नाम कमा रही है।

सफल बनाएं मिशन

एडीजी राजीव सब्बरवाल ने कहा कि कम्यूनिटी पुलिसिंग का मतलब पुलिस पब्लिक है और पब्लिक पुलिस है। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर इस मिशन को सफल बनाना है, जिसमें पुलिस विभाग की एक बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि सभी के अंदर सुरक्षा व सम्मान की भावना जागृत हो। इस मिशन को दिल से लेना चाहिए।

100 महिलाएं बनेंगी रोल मॉडल

डीएम के। बालाजी ने कहाकि प्रदेश में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए शारदीय नवरात्र 17 अक्टूबर से वासंतिक नवरात्र तक 180 दिन का मिशन शक्ति चलाया जाएगा। इसमे 24 विभागों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम होंगे। जिलें में 100 महिलाओं को रोल मॉडल के रूप में चयनित किया जाएगा। थानों में महिला हेल्पडेस्क, ग्रामों में मिशन शक्ति पंचायत, मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग आदि कार्यक्रम होंगे। जिला प्रशासन व पुलिस मिलकर जनसहभागिता से मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाएंगे।

कमिश्नर बनीं नोडल

इस अभियान में आयुक्त को इस अभियान के लिए जनपद का नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसमें महिलाओं की सुरक्षा आदि के लिए सरकार द्वारा विभिन्न हेल्पलाईन नंबर संचालित है जिसमें 1090 वूमेन पॉवर लाईन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड लाईन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाईन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एम्बुलेन्स सेवा व 1800-180-5145 चिकित्सीय हैल्पलाईन है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी, सीडीओ ईशा दुहन, नगरायुक्त अरविन्द चौरसिया, हर्ष गोयल आदि मौजूद रहे।