कैंट क्षेत्र विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने किया 30 टॉयलेट का वादा

व्यापारियों से जल्द से जल्द सामूहिक मीटिंग कर जगह की सूची देने को कहा है।

महिलाएं एनजीओ ने भी दिए अपने सॉल्यूशन

Meerut। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के पिंक टॉयलेट मुहिम के संवाद में बुधवार को कैंट क्षेत्र विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने मेरठ में कैंट व नगर निगम में टोटल 30 लेडीज टॉयलेट बनवाने का वादा किया है। मौके पर विधायक ने व्यापारियों को इसके लिए ऐसी जगहों की सूची जल्द से जल्द उपलब्ध करवाने के लिए कहा है, जहां पर टॉयलेट बनवाए जा सकें। इस संवाद में मेरठ की विभिन्न एनजीओ की वर्किंग की महिलाएं मौजूद रही, जिन्होंने अपनी समस्याएं व अनुभवों का साझा किया। वहीं अपनी तरफ से विभिन्न तरह के सॉल्यूशन भी दिए। वहीं महिलाओं व व्यापारियों ने ऐसी जगह भी सुझाई, जहां पर लेडीज टॉयलेट बनवाए जा सकते हैं।

महिला सशक्तिकरण कैसे होगा

इस दौरान श्वेता ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की बात हम करते हैं, लेकिन इसके लिए महिलाओं का स्वस्थ होना भी जरूरी है, अगर वो स्वस्थ होगी, तभी मजबूत होगी। ऐसे में महिलाओं के लिए टॉयलेट बनवाना जरूरी है, क्योंकि वॉशरूम न जा पाने की वजह से महिलाओं में कई बीमारियां पनप जाती हैं।

पिंक टॉयलेट जरूरी: डॉ। मधु वत्स

वहीं डॉ। मधु वत्स का कहना था कि पिंक टॉयलेट बहुत जरूरी है, कई बार ऐसा होता है महिलाएं बाजार में वॉशरूम नहीं जा पाती तो इससे उनमें किडनी खराब तक होने जैसी बीमारी तक हो जाती है, अगर हमारे शरीर गतिविधियां भी ठीक नहीं हो पाएंगी तो हम महिलाएं कैसे सशक्त बनेंगे।

मूलभूत आवश्यकता है: डॉ। नीरा तोमर

इस दौरान डॉ। नीरा तोमर ने कहाकि महिला सशक्तिकरण की मूलभूत आवश्यकता है स्वच्छता व स्वास्थ्य, पिंक टॉयलेट महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है, अक्सर महिलाओं में यूरियन इंफेक्शन, पीरियड प्राब्लम में वॉशरुम न जाने पर अधिक समस्या आ जाना, किडनी यहां तक लीवर तक खराब होने की समस्या आ जाती है ऐसे में सभी बाजारों को व्यापारियों व शासन को मिलकर इसके लिए काम करना होगा ताकि जल्द से जल्द महिलाओं की समस्या का हल हो।

रख रखाव की उठाएंगे जिम्मेदारी

जहां एक ओर महिलाओं ने अपनी बात रखी, वहीं व्यापारियों ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि अगर उनके मार्केट में कोई जगह वॉशरूम बनेगा तो वो अपने एरिया की जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं। मौके पर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल व्यापार संघ महामंत्री विनेश जैन ने कहा कि हम व्यापारी सामूहिक रूप से मीटिंग करके इस संबंध में अपने अपने एरिया के वॉशरूम की रख रखाव की जिम्मेदारी उठाने को तैयार हैं। उन्होंने बताया कि हमने इस संबंध में कई बार आलाधिकारियों को व जिम्मेदारों को लेटर दिए है कि टॉयलेट बनवाए जाए, पर कहीं जगह की बात अटक जाती है तो कहीं कुछ हो जाता है। उन्हाेंने कहा हम एक सप्ताह मे मेरठ के सभी बाजारों की जगह की सूची विधायक को उपलब्ध करवा देंगे, जहां पर पिंक टॉयलेट बनवाए जा सकते हैं।

कई अड़चन आई: राजीव शर्मा

वहीं पश्चिमी यूपी संयुक्त व्यापार मंडल के व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि हमने इसके लिए कई बार प्रयास किए पर कहीं न कहीं अड़चन पड़ती रहती है, उन्होंने कहा कि हम इस बारे में सामूहिक बैठक करेंगे, ताकि दोबारा से मुहिम में काम किया जाए। पुलिस स्ट्रीट व्यापार एसोसिएशन के महामंत्री अनुज एरन ने विधायक को रजबन में नाले से लालकुर्ती तक जाने वाले नाले पर टॉयलेट बनवाने का सुझाव दिया।

व्यापारी संगठन जगह बताएं, टॉयलेट हम बनवाएंगे : विधायक

विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि हम कई जगह पहले बनवाने को तैयार हुए तो वहां व्यापारियों या आसपास के लोगों ने नहीं बनने दिए। ऐसे में व्यापारियों से आग्रह है कि अपनी सामूहिक मीटिंग करके अपनी आपस में हर बाजार की सूची बनवाकर दे, बकायदा उन जगहों पर जाकर दिखवा भी दे, सूची के अनुसार हम मेरठ में ऐसे 30 टॉयलेट बनवाने को तैयार हैं। जिनमें 15 कैंट में और 15 ही नगर निगम के तहत बनवा देंगे।

जल्द शुरू होगा काम

इसके अलावा अगर कोई और भी एनजीओ महिलाएं सूची देता है उनको भी बनवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक ये टॉयलेट का कम पूरा होगा, तब तक के लिए मोबाइल टॉयलेट रखवा दिए जाएंगे। उनके लिए भी जगह दें, ताकि जल्द से जल्द इसपर काम शुरू हों। इन टॉयलेट में स्टाफ भी सरकार की ओर से होगा। विधायक ने कहा स्टाफ भी हमारा होगा पैसा भी हमारा होगा। टायलेट में मात्र एक रुपया शुल्क रखा जाएगा।

इन जगह के निकले सुझाव

आबूलेन

बेगमपुल

दिल्ली छोले भठूरे के पास केले वाली कोठी

रजबन से लालकुर्ती पैंठ एरिया की ओर जाने वाला नाला

दास मोटर के पीछे नाले पर

खैरनगर मार्केट

सदर बाजार

सामूहिक रूप से करेंगे चर्चा

पश्चिमी यूपी संयुक्त व्यापार मंडल उद्योग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहाकि हमने टायलेट के लिए कई बार प्रयास किए है लेकिन कोई न कोई अड़चनें आती है। जगह का सबसे बड़ा मसला होता है। इसको लेकर हम सामूहिक रूप से बैठकर चर्चा करेंगे और सभी इस मुद्दे को दोबारा से उठाते हुए एक पत्र भी विधायक को व संबंधित अधिकारियों को देंगे। इसके लिए सभी को मिलकर विचार करने व काम करने की आवश्यकता है।

मेंटीनेंस की जिम्मेदारी को तैयार

युवा व्यापार मंडल के सचिव मो। आरिफ खान ने बताया कि हम जगह बताने के लिए व बने हुए वॉशरूम के मेंटेंनेंस की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार है। अगर विभाग व शासन लेडीज वॉशरूम बनवाने को तैयार है तो हम भी उनका पूरा सपोर्ट करने को तैयार है, इसके लिए हमसे जो बन सकेगा करेंगे। खैर नगर में भी वॉशरूम बनवाया जा सकता है।

उपलब्ध कराएंगे लिस्ट

फेडरेशन ऑफ आल इंडिया व्यापार मंडल के मंडल प्रभारी विनेश जैन ने बताया कि इस संबंध में हम सप्ताह में सभी व्यापारियों से बात करके बैठक करके सभी बाजारों की जगह की सूची उपलब्ध करवाएंगे, जहां कम से कम दो टॉयलेट एक बाजार में बनने जरूरी है और कहां बन सकते हैं। ये भी बताया जाएगा। इससे पहले भी हम टॉयलेट को लेकर आवाज उठा चुके हैं, पर कई समस्याएं आई। जिनके चलते वॉशरूम नहीं बने, एक बार फिर से हम जगह की सूची देंगे।

स्टॉफ व मेंटेनेंस भी जरूरी

पश्चिमी उप्र संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशु शर्मा ने बताया कि आबूलेन पर, केले वाली कोठी के पास वॉशरूम बनवाए जा सकते हैं। इसके साथ ही पुराने वॉशरूम जो बने हैं, उनमें स्टॉफ के साथ साथ उनकी मेंनटेनेंस जरुरी है। उसके लिए भी काम हो, ताकि वॉशरूम की समस्या से निजात पाया जा सके, ये स्वच्छ सर्वेक्षण स्मार्ट सिटी का हिस्सा भी है।

जगह बताने को हैं तैयार

फिल्मिस्तान रोड व्यापार मंडल खैरनगर के जिलाध्यक्ष अय्यूब कुरैशी ने बताया कि खैरनगर में जगह है जहां पर टॉयलेट बनवाए जा सकते है। हम वहां पर जगह बताने को तैयार है। अगर शासन इसके लिए तैयार है तो हम भी जगह बताने को तैयार है। व्यापारी रखरखाव की जिम्मेदारी भी उठाने को तैयार है।

जल्द तैयार कराएंगे सूची

पुलिस स्ट्रीट व्यापार एसोसिएशन के महामंत्री अनुज ऐरन ने बताया कि रजबन से लालकुर्ती पैंठ एरिया में आने वाले नाले पर दास मोटर के पीछे वॉशरूम बनवाए जा सकते हैं वो सरकारी जगह है। वहां पर किसी को दिक्कत नहीं होगी। इसके अलावा बाकी की सूची भी तैयार कराकर व्यापारी जल्द ही देंगे।

ठीक हो रहे पुराने वॉशरूम

जिला प्रतिनिधि बीजेपी राकेश कुमार ने बताया कि शहर में पहले भी लेडीज वॉशरूम है, जो होने चाहिए, इनको बढ़ावा मिलना चाहिए। सरकार का लगातार प्रयास भी है, बाकी जो पुराने वॉशरूम है, उनको भी ठीक करवाने का काम किया जा रहा है जो जल्द ही पूरा होगा।

महिलाएं हो जाती हैं बीमार

सर्वहित कल्याण सेवा समिति की अध्यक्ष एवं पर्यावरणविद डॉ। मधु वत्स ने कहाकि महिलाएं अक्सर बाजार में वॉशरूम के लिए घर तक पहुंचने का इंतजार करती है जो उनकी मजबूरी है, क्योंकि बाजार में वॉशरूम नहीं है। ऐसे में महिलाओं में किडनी व लिवर खराब होने जैसी समस्याएं पनपने लगती है। स्वास्थ्य की दृष्टि से व स्वच्छता दोनो की ही दृष्टि से पिंक टॉयलेट बनवाना व पुराने बने हुए की साफ सफाई व मैनंटेनेंस रखना बहुत ही जरुरी है।

महिलाओें के स्वास्थ्य पर असर

श्री मल्हू सिंह आर्य कन्या इंटर कॉलेज की प्रिसिपल डॉ। नीरा तोमर ने बताया कि महिला सशक्तिकरण की मूलभूत आवश्यकता है पिंक टायलेट, महिला को वॉशरूम की समस्या के चलते उनके स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ता है। अगर महिला स्वस्थ्य नहीं होगी तो कैसे मजबूत होगी और कैसे सशक्त होगी।

महिलाओं के लिए क्रांति जैसा

आवाज फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं हिंदी प्रवक्ता लक्ष्मी शर्मा ने बताया कि ये मुहिम दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने छेड़ी है जो महिलाओं के लिए क्रांति जैसा है। क्योंकि महिलाएं अक्सर अपनी आवाज कई मुद्दों पर उठाना चाहती है पर मंच नहीं मिलने के कारण नहीं उठा पाती है। लेकिन मुहिम में महिलाओं को एक बड़ा मंच दिया है जहां से वो अपनी बात रख सकती है।

मोबाइल टॉयलेट का हो इंतजाम

मिलेनियम किड़स स्कूल की डायरेक्टर व सर्वहित फांउडेशन की अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह ने बताया कि कॉलेज गोइंग ग‌र्ल्स, वर्किंग वूमेन व अन्य सभी महिलाओं की आवश्यकता पिंक टॉयलेट हैं। ये मुद्दा उठा है तो इसपर काम होना चाहिए। पिंक टायलेट बने और जबतक नहीं बन पा रहे तब तक मोबाइल टॉयलेट हो ताकि महिलाओं की समस्या का सॉल्यूशन हो।

परेशान हो जाती हैं महिलाएं

सोशल एक्टिविटस व शिक्षाविद श्वेता रस्तोगी ने बताया कि विभिन्न पब्लिक प्लेस, सर्राफा बाजार, सदर बाजार, बोम्बे बाजार सहित विभिन्न ऐसी मार्केट है जहां पर भारी संख्या में महिलाएं शॉपिंग के लिए पहुंचती है इस समस्या का सामना करती है। इन जगह पर तो वॉशरूम होने ही चाहिए, इसके अलावा भी हर बाजार में ही वॉशरूम होने जरूरी है।