दक्षिणी-पश्चिमी मानसून के मेरठ समेत वेस्ट यूपी में 30 जून तक पहुंचने के संभावना है

22 को आना था मानसून, लेट मानसून से पारा भी जाएगा 40 डिग्री सेल्सियस के पार

मौसम विभाग के मुताबिक बड़े स्तर पर मौसम की परिस्थितियां मानसून बढ़ने के अनुकूल नहीं है

क्लाइमेट चेंज से इस बार मानसून के दौरान कम बारिश होने की संभावना

पश्चिमी हवाओं का असर मानसून पर 23 जून तक बना रह सकता है

26 से 30 जून के बीच धीरे-धीरे मानसून के मजबूत होने की उम्मीद है

आज छाए रहेंगे हल्के बादल, 26 को बूंदाबांदी के बन रहे आसार

Meerut। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति धीमी रहने की संभावना है। दरअसल, बड़े स्तर पर मौसम की परिस्थितियां मानसून के बढ़ने के अनुकूल नहीं हैं। दरअसल, मौसम विभाग के मुताबिक संख्यात्मक प्रारूप के अनुसार हवा की गति को देखते ही कहा जा सकता है कि पश्चिमी हवाओं का असर मानसून पर 23 जून तक बना रह सकता है। इस बाद 26 से 30 जून के बीच धीरे-धीरे मानसून के मजबूत होने की उम्मीद है। इस दौरान मानसून उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में पहुंच जाएगा।

सात दिन दिन

दरअसल, दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तरी सीमा बाड़मेर, भीलवाड़ा, धौलपुर, अलीगढ़, मेरठ, अंबाला और अमृतसर से होकर गुजर रहा है। मगर मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों समेत हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की गति धीमी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक बड़े पैमाने पर विशेषताएं मानसून के अनुकूल नहीं हैं। साथ ही संख्यात्मक मॉडल द्वारा पूर्वानुमानित हवा का पैटर्न किसी भी अनुकूल स्थिति का संकेत नहीं दे रहा है। ऐसे में मानसून धीमी गति से आएगा और बारिश भी कम होने की संभावना है। हालांकि वेस्ट यूपी में अगले चार से सात दिनों में मानसून के आने की संभावना जताई जा रही है।

40 पार जाएगा पारा

दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमे पड़ने का असर अब जिले में भी दिखाई पड़ रहा है। मंगलवार को सुबह तो बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर होते ही धूप निकल आई और चिपचिपाहट वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। बीते दो दिनों से लगातार गर्मी बढ़ने लगी है। मंगलवार को मौसम विभाग द्वारा अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो समान्य था। वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो नार्मल से दो डिग्री हाई रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष ने बताया कि मानसून पहले 22 जून तक आने की संभावना थी, लेकिन अब मानसून की गति कुछ धीमी हो गई है। इसके चलते मानसून के सात दिन लेट होने की संभावना है। इन स्थितियों के चलते आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। हालांकि मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 26 जून को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।