सभी वार्डो के सेनेटाइजेशन में जुटा नगर निगम

रोजाना शाम को सभी वार्डो में फॉगिंग भी कराई जा रही है

Meerut। स्वास्थ्य विभाग के साथ ही नगर निगम भी कोरोना के खिलाफ जंग में जुटा हुआ है। जिसके तहत रोजाना शहर के 90 वार्डो में नियमित रूप से सेनेटाइजेशन कराया जा रहा है। नगर निगम को इस समय कोरोना संक्रमण के साथ-साथ शहर के लोगों को सीजनल बीमारी मलेरिया और डेंगू से भी सुरक्षित रखना है।

हो रही फॉगिंग

इसके लिए निगम रोजाना निगम की टीम हैंड स्प्रे मशीन और गाडि़यों की मदद से वार्डो में फॉगिंग करने में जुटी है। फॉगिंग अभियान के तहत निगम स्तर पर रोजाना 30 से अधिक वार्डो को कवर किया जा रहा है। वहीं प्रत्येक वार्ड में तीन-तीन कर्मचारियों की ड्यूटी फॉगिंग में लगी हुई है।

सेनटाइजेशन और फॉगिंग

नगर निगम के तीनो डिपो सूरजकुंड, कंकरखेड़ा और दिल्ली रोड डिपो से रोजाना 30- 30 वार्डो को कवर करते हुए दिन में सेनेटाइजेशन और रात के समय फॉगिंग की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। इसके लिए सुपरवाइजर और सफाई नायकों की टीम को लगाया हुआ है। हर वार्ड में सुपरवाइजर खुद फॉगिंग का काम और निरीक्षण अपनी देख-रेख में पूरा कर रहे हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम में आने वाले कॉल्स पर भी लिस्ट बनाकर सेनेटाइजेशन और फॉगिंग कराई जा रही है। वहीं शिकायत का समाधान हुआ या नहीं ये देखने खुद आलाअधिकारी मौके पर जा रहे हैं।

फॉगिंग रोजाना शाम के समय वार्डो में कराई जा रही है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड के सुपरवाइजर को जिम्मेदारी दी हुई है। रोजाना शाम को संकरी गलियों मे हैंड स्प्रे और बड़ी सड़कों पर गाड़ी द्वारा फॉगिंग कराई जा रही है।

डॉ। गजेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

निगम खरीदेगा 25000 लीटर केमिकल

सैनिटाइजेशन अभियान सुचारू चलता रहे। इसके लिए नगर निगम करीब 25000 लीटर सोडियम हाइपो क्लोराइड खरीद रहा है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुराना स्टाक खत्म होने से पहले केमिकल का स्टाक आ जाएगा.नगर निगम के पास इस समय 10,000 लीटर सोडियम हाइपो क्लोराइड घोल मौजूद है। सैनिटाइजेशन के लिए पानी के साथ यह केमिकल मिलाया जाता है। प्रतिदिन 1000 लीटर सोडियम हाइपो क्लोराइड घोल की खपत होती है। इस हिसाब से 10 दिन का स्टाक है। निगम ने 25000 लीटर केमिकल खरीद के लिए टेंडर निकाला है। निगम ने सभी 90 वार्डो में कुल 19 टैंकर सैनिटाइजेशन में लगाए हैं। बाजार, हाट स्पाट और मोहल्लों को सैनिटाइज करना है। प्रतिदिन हाट स्पाट क्षेत्र बढ़ रहे हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा। गजेंद्र सिंह नया स्टाक आने के बाद एक महीने तक सैनिटाइजेशन अभियान नियमित चलेगा।