हाउस टैक्स वसूली के लिए नगर निगम ने शुरू किया तालाबंदी अभियान

पहले दिन 4 बड़े बकायेदारों से की गई वसूली

Meerut। हाउस टैक्स वसूली के लिए नगर निगम ने बडे़ बकायेदारों के खिलाफ तालाबंदी अभियान शुरू किया। इसके तहत शुक्रवार को चार बड़े बकायेदारों के यहां नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी ताला लेकर पहुंचे लेकिन ताला लगाने से पहले ही भवन मालिक ने टैक्स का कुछ हिस्सा जमा कर अभियान को रुकवा दिया। सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय ने बताया कि अभियान के पहले दिन 33.94 लाख रुपये गृहकर वसूली की गई है। यह अभियान अब लगातार जारी रहेगी।

21 लाख का बकाया

गौरतलब है कि नगर निगम ने शहर के 25 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की है। इन पर निगम का 83.93 करोड़ रुपये हाउस टैक्स बकाया है। शुक्रवार को सहायक नगर आयुक्त द्वितीय इंद्र विजय के नेतृत्व में संपत्ति अधिकारी राजेश सिंह और प्रवर्तन दल की टीम ने परतापुर बाइपास डुंगरावली स्थित ज्ञान भारती इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी से अभियान की शुरुआत की। संस्थान पर करीब छह करोड़ रुपये गृहकर बकाया था। टैक्स वसूली के लिए जैसे ही निगम ने ताला लगाने का प्रयास किया प्रबंधन ने अधिकारियों को 10 लाख रुपये का चेक देकर बाकी बकाये के लिए समय ले लिया। इसके बाद टीम ने शाप्रिक्स माल ताला बंदी का प्रयास किया। मॉल प्रबंधन पर निगम का करीब 66 लाख रुपये हाउस टैक्स बकाया है। यहां भी ताला बंदी की कार्रवाई से पहले ही शॉपरिक्स माल प्रबंधन ने 21 लाख का चेक दे दिया। अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने शताब्दी नगर इंडस्ट्रियल एरिया में दो बड़े बकायेदारों ने 2 लाख और 94000 रुपये के चेक वसूल कर बकाया जमा करने के लिए समय दे दिया।