नगर निगम शहर में लगाएगा जगह-जगह पोर्टेबल कंपैक्टर

निगम की डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा पहुंचाने की व्यवस्था में होगा सुधार

Meerut। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में सफलता के लिए नगर निगम हर तरह के प्रयास में जुटा है। इस क्रम में अब नगर निगम शहर में जगह-जगह खुले में फैला हुआ कूड़ा और डस्टबिन की गंदगी छुपाने में जुटा है। इसके लिए नगर निगम शहर के वार्डो में पोर्टेबल कंपैक्टर लगाने जा रहा है। इस पोर्टेबल कंपैक्टर से शहर में जगह - जगह फैला कूड़ा पूरी तरह ढक जाएगा और शहर की गंदगी भी व्यवस्थित रहेगी।

पोर्टेबल कंपैक्टर लगेंगे

दरअसल, नगर निगम की योजना के अनुसार शहर में रोजाना डोर टू डोर के माध्यम से कलेक्ट होने वाला कूड़ा और अस्थाई खत्तों में डाला जाने वाला कूड़ा गारबेज ट्रांसफर स्टेशन में एकत्र होगा। यह ट्रांसफर स्टेशन शहर में बनाए जा रहे हैं। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन वाली गाडि़यां घरों से कूड़ा एकत्र कर पहले ट्रांसफर स्टेशन में डालेगी। ऐसे में इन ट्रांसफर स्टेशन पर पोर्टेबल कंपैक्टर लगाए जाएंगे ताकि कूड़ा जगह-जगह न फैले।

गंदगी और बदबू से राहत

दरअसल, पोर्टेबल कंपैक्टर एक तरह का ऑटोमेटिक डस्टबिन होगा। इसमें कूड़ा भरने के बाद यह अपने आप ही बंद हो जाएगा। इसके बंद होने के बाद इसके बाहर ना तो कूड़ा फैलेगा और ना ही कूड़े की बदबू आसपास फैलेगी। इससे गारबेज ट्रांसफर स्टेशन पूरी तरह स्वच्छ दिखाई देंगे।

ट्रांसपोर्ट होगा कूड़ा

पोर्टेबल कंपैक्टर से निगम की डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा पहुंचाने की व्यवस्था में भी सुधार होगा। अभी तक नगर निगम खुली गाडि़यों से कूड़ा डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाता है। इससे जगह-जगह कूड़ा गाडि़यों से गिरता रहता है। इससे सड़कों पर गंदगी फैलने की संभावना बनी रहती है, लेकिन पोर्टेबल कंपैक्टर मूवेबल होंगे। इनके भर जाने के बाद नगर निगम की गाड़ी में पूरे पोर्टेबल कंपैक्टर को डंपिंग ग्राउंड में ले जाकर खाली किया जाएगा। इससे पहले इनको खोला नहीं जाएगा।

कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रांसफर स्टेशन बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इन ट्रांसफर स्टेशन में यह पोर्टेबल कंपैक्टर रखे जाएंगे। यह एक तरह से ऑटोमेटिक बड़े डस्टबिन हैं जो भरने के बाद बंद हो जाएंगे।

डॉक्टर गजेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी