42 संपत्तियों की सूची निर्माण विभाग को सौंपी, 11.77 किमी। एरिया में खड़े किए जाएंगे 2344 पिलर

Meerut। नगर निगम अपनी संपत्तियों को संरक्षित करेगा। ताकि कोई कब्जा न कर सके। इसके लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। लगभग 11.77 किमी। एरिया में 2344 पिलर खड़े किए जाएंगे। पिलर लगाने का काम निर्माण विभाग कराएगा।

निगम को निर्देश

शासन ने संपत्तियों के सरंक्षण के लिए नगर निगम को निर्देश दिया है। 15 वें वित्त आयोग के बजट में लगभग 50 लाख रुपये इस काम के लिए प्रदान किए गए हैं। संपत्ति विभाग ने 42 संपत्तियों की सूची निर्माण विभाग को सौंपी है। सीमांकन के साथ निर्माण विभाग इन संपत्तियों पर पिलर खड़ा करेगा। पिलर तीन रंग के होंगे। इनकी ऊंचाई करीब छह फीट होगी। इनमें नगर निगम संपत्ति मेरठ लिखा जाएगा। पांच मीटर की दूरी पर एक पिलर लगाया जाएगा। संपत्ति अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। जिसकी रोकथाम के लिए पिलर लगाए जाएंगे। तारबंदी नहीं होगी। पिलर निगम की संपत्तियों की सीमारेखा तय करेंगे। पहले चरण में 42 संपत्तियों की सूची दी गई है। शेष संपत्तियों की सूची भी तैयार की जा रही है।