नगर निगम में आज से कर्मचारी लगाएंगे बायोमेट्रिक हाजिरी, 90 वार्डो में शुरू की गई व्यवस्था

हर वार्ड में सुपरवाइजर को दिए गए निर्देश, सेनेटाइजर भी कराए गए उपलब्ध

Meerut। कोरोना संक्रमण के कारण सात माह पहले बंद हुई बायोमेट्रिक हाजिरी एक बार फिर मंगलवार से शहर के सभी वार्डो में शुरू हो गई। नगर निगम के कर्मचारियों की शत प्रतिशत हाजिरी को सफल बनाने के लिए दो साल पहले बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था नगर निगम में की गई थी। मगर कोरोना संक्रमण के कारण इस साल मार्च माह में बायोमेट्रिक हाजिरी बंद कर वापस रजिस्टर पर साइन की व्यवस्था को शुरू किया गया था। हालांकि अब कोरोना संक्रमण कम होता देख नगर निगम ने दोबारा बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू कर दी है।

सेनेटाइज कर लगेगा थंब

पहले की तरह शहर के सभी 90 वार्डो में नगर निगम द्वारा सुपरवाइजर को बायोमेट्रिक हाजिरी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत अपने-अपने वार्ड में एक जगह निर्धारित कर सुपरवाइजर बायोमेट्रिक हाजिरी के बाद ही सफाई कर्मचारियों को काम दे रहा है। इस दौरान बायोमेट्रिक में थंब लगाने वाले कर्मचारी को पहले सेनेटाइजर से अपने हाथ साफ करने होंगे। इसके बाद ही थंब लिया जाएगा। इसके लिए सभी सुपरवाइजरों को बकायदा सेनेटाइजर भी उपलब्ध कराया गया है। नियम के अनुसार दिन में दो अलग-अलग शिफ्ट में कर्मचारी ड्यूटी पर आते हैं और हाजिरी लगाने के बाद काम पर जाते हैं। मंगलवार को इंद्रा चौक, शास्त्रीनगर, दिल्ली रोड समेत सूरजकुंड डिपो आदि जगहों पर बायोमेट्रिक व्यवस्था शुरू कर दी गई।

अनुपस्थित कर्मचारियों पर गिरेगी गाज

दरअसल, रजिस्टर वाली हाजिरी शुरू होने के बाद कई सफाई कर्मचारी सुपरवाइजर से सेटिंग कर कागजों में ड्यूटी कर रहे थे। लगातार कर्मचारियों की फील्ड में अनुपस्थिति बढ़ती जा रही थी। ऐसे में गत सप्ताह नगरायुक्त ने कई सफाई कर्मचारियों पर एक्शन भी लिया था। इन कर्मचारियों के रजिस्टर में साइन हो रहे थे लेकिन ये फील्ड में काम नहीं कर रहे थे। ऐसे में निगम ने बायोमेट्रिक हाजिरी को शुरू किया है। जिन कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी नहीं होगी, उन्हें स्पष्टीकरण देने होगा।

निगम के सभी वार्डो में बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू कर दी गई है। कई वार्डो में कर्मचारियों की अनुपस्थिति फील्ड में बढ़ती जा रही थी। ड्यूटी से कर्मचारी गायब न रहें और सही मॉनिटरिंग हो सके, इसके लिए सुरक्षित तरीके से बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू की गई है। थंब सेनेटाइज करने के बाद ही कर्मचारी बायोमेट्रिक मशीन का यूज करेंगे।

रवि शेखर, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक