- चेयरमैन बोले, कम हुआ बीमारी का प्रकोप

- नगर पालिका बरत रही पूरी सावधानी

सरधना : क्षेत्र में रहस्यमयी तरीके से फैली हैजा की बीमारी का प्रकोप अभी भी व्याप्त है। अस्पतालों में काफी संख्या में मरीज भर्ती हैं। चेयरमैन ने कहा कि बीमारी का प्रकोप कम हो रहा है।

क्षेत्र में पिछले तीन-चार दिन से हैजा का प्रकोप लोगों पर भारी पड़ रहा है। इससे पीडि़त काफी संख्या में लोग अस्पताल में भर्ती हैं। चिकित्सकों ने दूषित पेयजल से बीमारी फैलने की आशंका व्यक्त की थी। चेयरमैन असद गालिब का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में कनेक्शन लीक होने से बीमारी फैलने का अंदेशा है। इस संबंध में सभासदों से बात की गई है। यदि किसी नागरिक का पेयजल कनेक्शन लीक है तो वह व्यक्ति तत्काल पालिका को इसकी सूचना दे। चेयरमैन ने कहा कि उन्होंने सोमवार को नगर के अस्पतालों व चिकित्सकों के क्लीनिक पर सर्वे भी कराया। सर्वे में 42 मरीज अस्पतालों में भर्ती मिले। इनमें से आठ मरीज देहात क्षेत्र के हैं। आठ मरीज ऐसे हैं, जिनके घरों में पानी का कनेक्शन ही नहीं है। नगर पालिका के रिकार्ड में पानी के कनेक्शन 5200 हैं। कस्बावासी उबाल कर पानी का प्रयोग करें। मंगलवार से नगर में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।

इन्होंने कहा

सोमवार को भी चिकित्सकों की टीम जांच के लिए नगर क्षेत्र में सक्रिय रही। अस्पतालों में भर्ती मरीजों में हैजा के लक्षण उजागर हुए हैं। दूषित जल या खाद्य पदार्थ के सेवन से रोग फैला है।

- डा। आरके सागर, प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना।