22 जून से वेस्ट यूपी में दस्तक देगा मानसून

32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया अधिकतम तापमान

24 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान

3.4 डिग्री सेल्सियस सामान्य से कम रहा अधिकतम तापमान एक से 18 जून तक

7 डिग्री सेल्सियस सामान्य से कम रिकार्ड किया गया शुक्रवार को

8 साल बाद इस साल 1 से 18 जून तक कम पड़ी गर्मी

2013 में अधिकतम तापमान में दर्ज की गई थी गिरावट

Meerut। बीते साल में जहां जून के महीने में भीषण गर्मी आम लोगों को परेशान करती थी, वहीं इस बार जून महीने में लोगों को गर्मी से राहत मिली। दरअसल, इस बार एक से 18 जून के बीच अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक लोकल क्लाइमेट चेंज के कारण इस बार औसतन अधिकतम तापमान आम वर्षो की अपेक्षाकृत सामान्य के कम दर्ज किया गया।

40 डिग्री तक जाता था तापमान

गौरतलब है कि बीते सालों में जून माह में अधिकतम तापमान तकरीबन 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक पहुंच जाता था, लेकिन इस बार 1 से 18 जून तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री कम रिकार्ड किया गया।

साल 2013 के बाद

गौरतलब है कि शुक्रवार को ही अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष के मुताबिक इसके पहले साल 2013 में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि इस बार एक से 18 जून के बीच औसतन अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने बताया कि वहीं बीते सालों में जून माह में अधिकतम तापमान सामान्य तौर पर 39.1 डिग्री सेल्सियस रहता था। यानि इस बार तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

22 को मानसून की दस्तक

मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष ने बताया कि आगामी 22 जून को वेस्ट यूपी में मानसून दस्तक देगा। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड किया गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष ने बताया कि आज कहीं कहीं बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।