-नगर निगम से नाराज फूलबाग व नेहरू नगर के लोगों ने खरीद ली अपनी फागिंग मशीन

Meerut : डेंगू के फैलते प्रकोप व नगर निगम की उदासीनता से नाराज शहर के दो मुहल्लों के लोगों ने डेंगू से लड़ाई के लिए खुद ही कमर कस ली। फूलबाग और नेहरू नगर के लोगों ने इस बार श्री कृष्ण की छठी न मनाकर क्षेत्र के लिए फॉगिंग मशीन खरीद ली। उक्त मशीन से रविवार को फॉगिंग कार्य भी शुरू कर दिया गया।

उत्सव नहीं मनाया, खरीद ली मशीन

बजरंग सेवा समिति के पदाधिकारियों ने लिखित सूचना के माध्यम से बताया कि समिति हर साल भगवान श्रीकृष्ण की छठी उत्सव का आयोजन करती है। अन्य कई संस्थाएं भी इस क्षेत्र में यह आयोजन करती हैं, जिसमें अन्न का निरादर होता है तथा धन का दुरुपयोग होता है। जबकि हर साल दो महीने क्षेत्र में मच्छरों का पूरा आतंक रहता है। डेंगू भी पैर पसारता है तथा मासूमों की जान लील लेता है। लेकिन नगर निगम इस समस्या के समाधान के लिए तनिक भी गंभीर नहीं है। लिहाजा इस बार समिति ने छठी समारोह के बजट से फॉगिंग मशीन खरीद ली। रविवार को शाम छह बजे महानगर संयोजक ठाकुर नीरज सिंह के नेतृत्व में इस मशीन से कार्य शुरू किया गया। श्रीमती दुलारी ने बटन दबाकर मशीन का उद्घाटन किया। दोनों मुहल्लों में फॉगिंग भी की गई। इस दौरान अनुज सिंघल, कपिल अग्रवाल, प्रशांत चौहान, अजय शर्मा, वरूण मित्तल, संजीव ठाकुर आदि मौजूद रहे।

संविदा कर्मियों ने शहर विधायक से लगाई गुहार

Meerut : नगर निगम से बर्खास्त किए गए 2215 संविदा सफाई कर्मियों को बहाल कराने के लिए रविवार को उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शहर विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी से लखनऊ में दारूलशफा स्थित निवास पर मुलाकात करके मांग की। शहर विधायक ने सफाई कर्मियों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम शाखा अध्यक्ष राजू धवन, महामंत्री कैलाश चंदौला, प्रदेश सचिव विनेश विद्यार्थी, दीपक मनोठिया, अरूण मनोठिया, नीतू वाल्मीकि आदि शामिल रहे।