ऑटो रिक्शा में मास्क न पहनने पर बनियान का बनवाया मास्क

कार सवार महिला डॉक्टर ने किया चालान काटने पर हंगामा

Meerut। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए पुलिस मास्क चेकिंग अभियान चला रही है तो वहीं दूसरी ओर पुलिस की कार्य प्रणाली कहीं सख्त तो कहीं नरम दिखाई पड़ी। शहर में लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं। शनिवार को भी शहर में जगह जगह पुलिस ने मास्क चेकिंग अभियान चलाया। कई जगह मास्क ना पहनने वालों ने नाराजगी भी जताई और चालान के विरोध में हंगामा भी किया। कई जगह पुलिस ने मास्क के लिए पैसे भी दिए तो कुछ को सबक सिखाने के लिए उनके कपड़े उतरवाकर का ही उसका मास्क पहनवा दिया।

चेकिंग के लिए रोका

मास्क चेकिंग अभियान के दौरान शनिवार को कमिश्नरी चौराहे पर पुलिस ने ई- रिक्शा में बिना मास्क बैठे युवकों को चेकिंग के लिए रुकवा दिया। पुलिस ने रिक्शा में बैठे दोनों युवकों से मास्क नहीं पहनने का कारण पूछना शुरु किया इतने में ही चालान के डर से एक युवक ने अपनी शर्ट उतारकर बनियान को ही मास्क बनाकर पहन लिया। इतने में दूसरे युवक ने अपने अंगौछे को चेहरे पर लपेट कर मास्क बना लिया। युवकों की यह हरकत देखकर पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। ई-रिक्शा में ही एक महिला बिना मास्क थी लेकिन पुलिस की सख्ती देखकर महिला ने भी दुपट्टे से अपना मूंह ढक लिया।

महिलाओं ने किया हंगामा

चेकिंग के दौरान ही पुलिस ने कार सवार महिला चिकित्सक को बिना मास्क देखकर कार को चौराहे पर रुकवा दिया। कार में दो महिलाएं बिना मास्क बैठी थी। पुलिस ने महिलाओं को देखकर उन्हें मास्क ना पहनने पर फटकार लगा दी। इस पर महिला डॉक्टर को गुस्सा आ गया और मास्क पहनकर कार से बाहर आ गई और हंगामा कर दिया। पुलिस कर्मियों ने महिला को समझाया कि मास्क पहनना अनिवार्य है लेकिन महिला अपनी गलती मानने के बजाए पुलिस के साथ ही अभद्रता करने लगी। कमिश्नर चौराहे पर जमकर हंगामा हुआ लोगों की भीड़ लग गई। बाद में महिला को लोगों ने समझा कर शांत कराया।

पुलिस ने दिया मास्क का पैसा

वहीं कमिश्नरी चौराहे के पास ही ई रिक्शा में सवार एक परिवार के लोगों को बिना मास्क बैठा देख पहले तो पुलिस कर्मियों ने रोक कर फटकार लगाई। फिर जब परिवार ने गलती मानी तो पुलिसकर्मी ने तुरंत अपनी जेब से पैसा निकालकर मास्क खरीदने के लिए दे दिया। इसके अलावा शहर में जगह जगह बिना मास्क घूम रहे लोगों के चालान काटे।