18 आरोपियों की डेढ़ महीने की कॉल डिटेल खंगालेगी पुलिस

आरोप साबित करने के लिए पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लेना शुरू कर दिया

लव तोमर की तरफ से पत्‍‌नी के अश्लील फोटो की भी पड़ताल पुलिस कर रही है

Meerut। सीनियर वकील ओमकार तोमर और संजय मोतला आत्महत्या मामले में 18 आरोपियों की डेढ़ माह की कॉल डिटेल पुलिस खंगाल रही है। काल डिटेल से देखा जा रहा है कि किस आरोपी का मृतक के सीधे जुड़ाव था। उसके आधार पर ही पुलिस दबिश देगी।

सर्विलांस का सहारा

एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि दोनों आत्महत्या प्रकरण में पुलिस कार्रवाई कर रही है। सुसाइड नोट की फोरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार है। आरोपी फरार चल रहे है। परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों के घर पर नहीं रहने की वजह से कोई दबिश नहीं डाली गई है। आरोपियों की पड़ताल के लिए सर्विलांस का सहारा भी लिया जा रहा है।

ये है मामला

गंगानगर के ईशापुरम में अधिवक्ता ओमकार तोमर और दादरी के संजय मोतला आत्महत्या प्रकरण में 19 आरोपित नामजद हुए है। एक आरोपी संजय ने आत्महत्या कर ली। अब दोनों मुकदमों में 18 आरोपी है। पुलिस ने सभी 18 आरोपी की जनवरी से 18 फरवरी तक की काल डिटेल मंगाई है।

कर रहे पड़ताल

पुलिसकर्मियों की एक टीम बनाकर काल डिटेल की पड़ताल में लगा दी है। देखा जा रहा है कि कौन-कौन आरोपित सीधे मृतकों से जुड़ा हुआ है। उसके बाद देखा जा रहा है कि मृतक या उसके परिवार के साथ कितनी काल पर बातचीत की गई है। इंस्पेक्टर बिजेंद्र राणा ने बताया कि काल डिटेल से बहुत कुछ चीजें स्पष्ट हो रही है। उन्होंने बताया कि सभी नामजद आरोपित घरों से फरार चल रहे है। उनकी सुरागरसी को लेकर पुलिस लगाई गई।

होंगे बयान

दोनों आत्महत्याओं की घटना से सीधे सीधे जुड़े 22 लोगों के बयान पुलिस दर्ज करेगी। सभी के नाम चिहिन्त कर लिए है। पुलिस जल्द ही उक्त लोगों के बयान भी दर्ज करेगी।

हर तरफ से उठी गिरफ्तारी की मांग

अधिवक्ता ओमकार तोमर और आरोपित संजय मोतला आत्महत्या मामले में दोनो पक्षों से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठ रही है। शनिवार को अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल एडीजी से मिला, जबकि केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के साथ गुर्जर समाज के लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। दोनों ही पक्षों ने नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी और पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की है। पुलिस और प्रशासनिक अफसर दोनों ही पक्षों को आश्वासन दे रहे हैं।

क्रमिक अनशन जारी

मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर त्यागी के नेतृत्व में अधिवक्ता शाम पांच बजे तक कलक्ट्रेट परिसर में क्रमिक अनशन पर रहे। साथ ही सुबह महावीर त्यागी, सचिन चौधरी, डा। ओपी सिंह समेत एक प्रतिनिधिमंडल एडीजी से मिला।

एसएसपी, एसपी सिटी और एसपी देहात के साथ आत्महत्या के दोनों मुकदमों में बातचीत की गई है। अभी तक विवेचना में प्रगति के बारे में जानकारी ली गई है। पुलिस ने काफी साक्ष्य भी जुटा लिए हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है। साथ ही गिरफ्तारी को लेकर टीम बना दी गई है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

राजीव सभरवाल, एडीजी