कुछ खिलाड़ी कैंप में तो कुछ घर में कर रहे जमकर प्रैक्टिस

ओलंपिक में एथलीट अन्नू रानी व पारुल चौधरी के पास ओलंपिक कोटा लेने का मौका

ओलंपिक में दम-खम दिखाएंगे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 9 खिलाड़ी

Meerut। टोक्यो में आगामी 23 जुलाई से ओलंपिक खेलों की शुरूआत होगी। ओलंपिक में भारत को मेडल दिलाने के लिए वेस्ट यूपी के प्लेयर्स जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। ओलंपिक की तैयारियों को लेकर वेस्ट यूपी के खिलाड़ी दिन रात प्रैक्टिस कर रहे हैं।

यूपी से 12 प्लेयर

गौरतलब है कि ओलंपिक में उत्तर प्रदेश से 12 खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें वेस्ट यूपी के 9 खिलाड़ी हैं। इनमें 6 ओलंपिक व 3 पैरा ओलंपिक खिलाड़ी भाग लेंगे।

खिलाडि़यों से उम्मीदें

मेरठ की एथलीट अन्नू रानी व पारुल चौधरी से शहरवासियों को काफी उम्मीदें हैं। उनके पास ओलंपिक में कोटा लेने का अच्छा मौका है। वहीं, मेरठ के निशानेबाज शहजर रिजवी को रिजर्व में रखा गया है।

जी तोड़ कर रहे मेहनत

मेरठ के खिलाडि़यों का टोक्यो ओलंपिक में चयन हो चुका है। ऐसे में निशानेबाज सौरभ चौधरी व प्रियंका गोस्वामी से मेडल की उम्मीद है। ऐसे में सौरभ कैंप से हटकर निजी तौर जमकर प्रैक्टिस करने में जुटे हैं। तो वहीं प्रियंका गोस्वामी कैंप में पसीना बहा रही हैं। वहीं, शहजर रिजवी ने बताया कि वो रोज सात घंटे की मेहनत कर रहे हैं।

ये है नौ प्लेयर्स

वंदना कटारिया

प्रवीण कुमार

प्रियंका गोस्वामी

विवेक चिकारा

सतीश कुमार

मेराज अहमद

सौरभ चौधरी

दीपेंद्र सिंह

अरविंद कुमार

घर में बनी रेंज

शहजर रिजवी ने बताया कि टोक्यो ओलंपिक में मेडल हासिल करने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समय मवाना में अपने घर पर सात घंटे रोजाना प्रैक्टिस करते हैं। हालांकि, उनको रिजर्व कोटे में रखा गया है, लेकिन 26 को वो कैम्प में बॉम्बे प्रैक्टिस के लिए जाएंगे। उनकी 26 जून से 15 जुलाई तक कैंप में प्रैक्टिस होगी। रिजवी ने बताया कि पिछले साल लॉकडाउन में उन्होंने अपने घर पर ओलंपिक साइज की रेंज बनवा ली थी, जहां पर वो इन दिनों रोजाना प्रैक्टिस करते हैं। उन्होंने कहाकि मौका मिला तो देश के लिए मेडल लाने के लिए जी जान से कोशिश करूंगा।

कैंप के अलावा घर में भी प्रैक्टिस

2018 एशियाई खेल में दस मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सौरभ चौधरी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। कोरिया के चांगवन में 2018 विश्व चैंपियनशिप में जूनियर मेन 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण जीता। वहीं, साल 2021 में उन्हें अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सौरभ चौधरी ने बताया कि कैंप में प्रैक्टिस के अलावा वो अपनी पर्सनल प्रैक्टिस भी कर रहे हैं। उन्होंने कहाकि मेरा सपना है कि ओलंपिक में देश के लिए मेडल जीत सकूं। अगर मौका मिला तो मेडल पाने के लिए जी जान लगा दूंगा।

सात घंटे की प्रैक्टिस

एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने बताया कि वो इस समय बॉम्बे कैंप में तैयारियों में जुटी हैं। रोजाना वो प्रैक्टिस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना सात से आठ घंटे की प्रैक्टिस चल रही है। प्रियंका ने बताया कि कैंप में आने से पहले घर पर ही प्रैक्टिस करती थी। ओलंपिक में भारत का तिरंगा सबसे ऊंचा हो, ये मेरा सपना है। रांची में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर प्रियंका ओलंपिक में कोटा हासिल कर चुकी है। 20 किमी की वॉक 1.28.45 घंटे में उन्होनें पूरा कर रिकॉर्ड कायम किया था। प्रियंका को 2021 में मुख्यमंत्री ने रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड से सम्मानित करने के लिए चुना था ।