मंडी से निकलते ही बढ़ रहे सब्जियों के दाम

गोभी, धनिया, मैथी, पालक, सरसो 1 से 4 रुपए किलो

Meerut। आलू-प्याज और टमाटर के दाम अब काबू में आते दिख रहे हैं, लेकिन थोक में तो सब्जियां सस्ती हैं लेकिन फुटकर बाजार में अभी भी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। बीते एक सप्ताह से सब्जियों के बढ़े दाम करीब 50 फीसदी से भी ज्यादा कम हुए हैं लेकिन इसके बाद भी फुटकर बाजार में लोगों को महंगी सब्जी ही खानी पड़ रही है। मंडी से निकलते ही सब्जियों के दाम फुटकर बाजार में बढ़ रहे हैं। इसके चलते 1 रुपए किलो बिकने वाला पालक सरसो भी फुटकर बाजार में 10 रुपए किलो तक खरीदना पड़ रहा है।

दिल्ली की मंडी का असर

दरअसल,एशिया की सबसे बडी मंडी आजादपुर में सब्जियों के थोक दाम लुढ़क जाने के कारण सब्जियों के दाम तेजी से कम हो रहे हैं। यही वजह है कि किसान आंदोलन से पहले आलू का दाम 60 से 70 रूपए तक खुदरा मार्केट में था जोकि अब घटकर 15 से 20 रूपए प्रति किलो हो गया है। प्याज के दाम 80 रूपए तक पहुंच गए थे जबकि अब 30 से 40 रूपए किलो प्याज बिक रही है। टमाटर तो 80 से 100 रूपए किलो तक पहुंचने वाले टमाटर का दाम 15 से 20 रूपए किलो है।

मंडी में बढ़ रही आवक

शहर की सबसे प्रमुख नवीन सब्जी मंडी में 7-8 हजार टन सब्जी व फल आ रहा है। जोकि शहर के लोगों के लिए पर्याप्त ही नहीं बल्कि अधिक है। इस कारण से सब्जियों के दाम लगातार गिरते चले जा रहे हैं। आढ़तियों के अनुसार जो दिल्ली जाने वाला माल था वह मेरठ की मंडी ही बच रहा है। शादियों का साया भी खत्म हो चुका है इसलिए दाम तेजी से गिर रहे हैं।

सरसों एक रुपए किलो

नवीन मंडी के दाम की बात करें तो सबसे ज्यादा कमी धनिया, मैथी, पालक, सरसों और गोभी जैसी सब्जियों के दाम में आई है। यह सब्जियां 1 से 5 रुपए प्रति किलो के दाम में मंडी में बिक रही है। हालत यह है कि इन सब्जियों के दाम कम होने से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।

मेरठ में जितनी मांग होती है उससे ज्यादा की आपूíत फिलहाल हो रही है। जो लोकल सब्जी आ रही हैं वह किसान आंदोलन के चलते अन्य प्रदेशों में नहीं जा पा रहे हैं। जिससे सब्जियों के दाम लगातार गिर रहे हैं। लेकिन फुटकर बाजार में मनमाने दाम पर सब्जियां बेची जा रही हैं।

भूषण शर्मा, अध्यक्ष नवीन सब्जी मंडी

सब्जियों के दाम कम होने से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को है। उन्हें अपनी उपज का सही दाम नहीं मिल पा रहा है। लेकिन दिल्ली में प्रदर्शन के चलते अधिकतर किसान अपनी फसल लेकर वहां जा नही रहे हैं। इससे दाम गिर रहे हैं।

बिजेंद्र सैनी, महामंत्री नवीन सब्जी मंडी

पंजाब से आलू की अच्छी आवक मंडी आ रही है। मंडी में आलू 15 रुपये किलो है। लेकिन बाहर फुटकर बाजार में अभी आलू प्याज 20 से 30 रुपए प्रति किलो के दाम पर बिक रहा है। ग्राहकों को महंगे दाम पर सब्जियां बेची जा रही हैं।

बबलू सैनी, सह कोषाध्यक्ष

नवीन मंडी में सब्जियों के दाम- थोक में

सब्जी पहले अब

आलू 40 15 से 20

प्याज 60 20 से 25

टमाटर 50 15 से 20

फूल गोभी 30 1 से 4

पालक 20 से 25 1

मैथी 20 1

धनिया 10 से 15 1

सरसो 15 1

बंद गोभी 25 2 से 4

गाजर 20 10

मटर 50 20

अदरक 50 40

बैंगन 20 4 से 5

शिमला मिर्च 50 15 से 20

हरी मिर्च 40 30

करेला 50 60

फुटकर बाजारों में सब्जियों के दाम

सब्जियां पहले अब

आलू 50-60 25-30

प्याज 70 40

टमाटर 60 40

फूल गोभी 40 10-15

बंद गोभी 40 30

गाजर 50 15- 20

मटर 50 30

अदरक 80 50

बैंगन 30 20

शिमला मिर्च 80 60

हरी मिर्च 70 50

करेला 60 80