मेरठ में फिर से सक्रिय हुई खुफिया एजेंसियां

कुछ चर्चित लोगों की गतिविधियों पर नजर

Meerut। बीते शुक्रवार एकाएक शहर में कुछ लोग जुमे की नमाज के बाद संवेदनशील हापुड़ अड्डा क्रॉसिंग पर जुट गए। नायब शहर काजी हाजी जैनुर राशीद्दीन के साथ हाथ में एक बोर्ड लेकर इन लोगों ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया। जमयैत उलमा मेरठ (महमूद मदनी) की ओर से सीएए के विरोध में चलाए जा रहे इस हस्ताक्षर अभियान का हापुड़ अड्डा चौराहे पर पुलिस ने विरोध किया.पुलिस अधिकारियों ने बोर्ड को चौराहे से हटाकर किसी अन्य स्थान पर रखने के लिए कहा। वहीं प्रकरण चर्चा में आने के बाद खुफिया एजेंसियां एक बार फिर सक्रिय हो गई हैं। कुछ चर्चित व्यक्तियों की गतिविधियों पर पुलिस नजर रख रही है।

आलाधिकारियों को दी जानकारी

एसपी सिटी डॉ। एएन सिंह ने बताया कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध है जो लोगों की भावनाओं का भड़का सकती हैं। ऐसे में सीएए को विरोध को लेकर चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के संबंध में आलाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। निर्देश पर अग्रिम कार्यवाही होगी।

आखिर जुमे की नमाज के बाद ही क्यों?

पुलिस अधिकारियों ने जमयैत उलमा के हस्ताक्षर अभियान पर सवाल खड़ा कर दिया है तो वहीं शासन को इस संबंध में जानकारी दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जानबूझकर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में कुछ लोगों द्वारा जुमे की नमाज के बाद ऐसी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है जो शांति व्यवस्था में बाधक हैं,

अभियान की रिकार्डिग भेजी

बीते शुक्रवार शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान की जानकारी पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने शासन को दे दी है। हापुड़ रोड क्रॉसिंग, घंटाघर, खैर नगर चौराहा समेत शहर के एक दर्जन से अधिक स्थानों पर बोर्ड रखकर बीते शुक्रवार हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था। इसकी रिकार्डिग और मीडिया कवरेज भी पुलिस ने आलाधिकारियों को उपलब्ध करा दिया है।