कोई रोकने-टोकने वाला नहीं, ट्रैफिक पुलिस नदारद, एनएचएआई भी नहीं फैला रहा जागरुकता

Meerut। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर प्रतिबंधित वाहन बेरोक-टोक दौड़ रहे हैं। उल्टी साइड से भी एकाएक वाहन आ-जा रहे हैं। इसे लेकर ना तो एनएचएआई गंभीर है और ना ही ट्रैफिक पुलिस। जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

बेरोकटोक दौड़ रहे वाहन

परतापुर इंटरचेंज के लूप और देहरादून बाइपास के रैंप से बाइक, टेंपो, ट्रैक्टर सीधे एक्सप्रेस-वे पर चढ़ रहे हैं। टेंपो और ट्रैक्टर वाले भोजपुर तक जाते हैं। जबकि बाइक सवार एक्सप्रेस-वे का रास्ता गाजियाबाद और दिल्ली जाने के लिए पकड़ रहे हैं। जबकि ये वाहन एक्सप्रेस-वे पर प्रतिबंधित हैं। एक्सप्रेस-वे पर चार पहिया वाहन जो कि 100 की स्पीड में फर्राटा भर रहे हैं। अचानक बाइक व टेंपों आ जाने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। गौर करने वाली बात तो ये है कि प्रतिबंधित वाहन तो दौड़ ही रहे हैं। उल्टी दिशा से भी एकाएक वाहन आ जाते हैं। कई-कई किमी। तक उल्टी दिशा में वाहन चल रहे हैं। यह स्थिति डासना तक बनी हुई है।

प्रतिबंधित वाहनों के प्रवेश संबंधित बोर्ड लगाए गए हैं। लेकिन लोग जानबूझकर एक्सप्रेस-वे पर चढ़ रहे हैं। परतापुर इंटरचेंज से लेकर डासना तक पुलिस को व्यवस्था संभालनी चाहिए। गाजियाबाद और मेरठ पुलिस को इस संबंध में पत्र भेज चुके हैं। उल्टी दिशा में जो वाहन आ रहे हैं। उनकी रोकथाम के लिए एंट्री प्वाइंट पर दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।

मुदित गर्ग, डीजीएम एनएचएआई व परियोजना निदेशक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे

एक्सप्रेस-वे पर कौन से वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित है। एनएचएआई यह सूची हमें उपलब्ध करा दे। ट्रैफिक पुलिस उन वाहनों को रोकना शुरू कर देगी। रही बात एक्सप्रेस-वे के एंट्री प्वाइंट्स पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की। तो इस समय ट्रैफिक पुलिस की उपलब्धता कम है। फिर भी व्यवस्था बनाने की कोशिश की जाएगी।

जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक, मेरठ