दिसंबर 2023 तक मेरठ से साहिबाबाद तक दौड़ने लगेगी रैपिड रेल : दुर्गा शंकर

केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय सचिव ने पूरे 82 किमी कारिडोर का किया निरीक्षण

कहा, दिसंबर 2022 में दुहाई से साहिबाबाद और 2025 में पूरे कारिडोर पर चलेगी रेल

Meerut। शहरी विकास मंत्रालय के सचिव व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के चेयरमैन दुर्गा शंकर मिश्रा ने शनिवार को रैपिड रेल के कार्यो का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने दावा किया रैपिड रेल प्रोजेक्ट का कार्य संभावित गति और समय सीमा से तेज चल रहा है। लिहाजा रैपिड रेल तय समय सीमा से पहले ही दौड़ने लगेगी।

जल्द पूरा होगा काम

उन्होंने कहाकि दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कारिडोर के प्रथम खंड दुहाई से साहिबाबाद के बीच दिसंबर 2022 में रैपिड रेल संचालित कर दी जाएगी। दिसंबर 2023 में मेरठ तक रैपिड रेल चलने लगेगी, जबकि पूरे 82 किमी कारिडोर पर 2025 में संचालित हो जाएगी।

सरकार की प्राथमिकता

शहरी विकास मंत्रालय के सचिव व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के चेयरमैन दुर्गा शंकर मिश्रा ने कारिडोर के आखिरी स्टेशन व डिपो मोदीपुरम का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से वार्ता की। केंद्रीय सचिव ने बताया कि देश का पहला रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) दिल्ली से गाजियाबाद होते हुए मेरठ तक संचालित होगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता की परियोजना है।

पीएम के विजन से संभव

उन्होंने बताया कि जिस परियोजना की नींव मार्च 2019 में रखी गई थी, उसका कार्य इतनी तेजी से चल रहा है कि तय लक्ष्य से पहले ही रेल संचालित कर दी जाएगी। यह सब प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व व विजन से संभव हो रहा है। बताया कि दुहाई से साहिबाबाद के बीच 17 हिस्से में रैपिड रेल मार्च 2023 में संचालित करने का लक्ष्य था, लेकिन जिस तरह से काम चल रहा है, उससे उन्हें यकीन है कि इस खंड पर दिसंबर 2022 में संचालन शुरू कर दिया जाएगा। बताया कि साहिबाबाद से मेरठ तक दिसंबर 2023 रेल संचालन किया जाएगा। यदि यह संभव नहीं हो पाया तो मार्च 2024 में हर हाल में संचालन शुरू कर दिया जाएगा। मार्च 2025 में पूरे 82 किमी के कारिडोर सरायकाले खां से मोदीपुरम तक संचालन शुरू कर दिया जाएगा। 2025 में ही मेरठ शहर में इसी ट्रैक पर मेरठ मेट्रो भी चलने लगेगी। उनके साथ एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक विनय कुमार सिंह, मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, एनसीआरटीसी के सीपीआरओ पुनीत वत्स, मुरादनगर व मोदीपुरम कार्यालय के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर आदि मौजूद रहे।

रैपिड रेल के महत्वपूर्ण ¨बदु

मेरठ से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक 65 मिनट में पहुंच जाएंगे।

मेरठ से दिल्ली 51 मिनट में पहुंच जाएंगे।

रैपिड रेल दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों से जुड़ेगी।

लंदन, शंघाई की तरह इससे दिल्ली व मेरठ में मल्टी माडल कनेक्टिविटी विकसित होगी।

रैपिड रेल का पहला कारिडोर दिल्ली-मेरठ है। दूसरा कारिडोर दिल्ली-अलवर व तीसरा कारिडोर दिल्ली-पानीपत है। इन दोनों कारिडोर पर भी कार्य जल्द शुरू होगा।