शहर के साफ वार्डो में ही निगम ने लगा दी झाडू

Meerut। दो दिन के लॉक डाउन के दौरान शहर को साफ सुथरा बनाने की शासन की मंशा नगर निगम के आला अधिकारियों की सुस्ती के कारण परवान चढ़ती नही दिख रही है। शनिवार और रविवार को शासन की मंशा के अनुसार नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाते हुए सफाई कर्मचारियों की टीम बनाकर युद्ध स्तर पर काम तो शुरु करा दिया, लेकिन यह अभियान महज खानापूíत भरा ही साबित रहा। दूसरे दिन निगम के सफाई कर्मचारियों से लेकर सुपर वाइजर और आला अधिकारियों की टीम दिनभर झाडू लिए सड़कों पर मुस्तैद दिखी लेकिन ये सड़क महज वीआईपी वार्डो की ही रही और पुराने शहर में कहीं भी निगम का अभियान चलता नही दिखा।

अधिकारियों ने संभाली कमान

अभियान के दूसरे दिन विशेष सफाई में नगर निगम का पूरा अमला सुबह से जुटा रहा। विशेष स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को जलीकोठी, शिवपुरम, सोतीगंज, मोहनपुरी, यादगार नगर, शेरगढ़ी, इस्लामाबाद समेत 10 वार्डो में चलाया गया। इस दौरान सड़कों पर झाड़ू व चूना डालने के साथ अस्थाई खत्तों से कूड़ा उठान, नाला व नाली सफाई का काम किया गया। अभियान में सहायक नगर आयुक्त प्रथम ब्रजपाल सिंह, अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिलयायन, सहायक नगर आयुक्त द्वितीय इंद्र विजय यादव, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी सन्तोष शर्मा, अधिशासी अभियंता नीना सिंह, कर निर्धारण अधिकारी राजेश कुमार, कर निर्धारण अधिकारी नर सिंह राणा, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार अपने अपने वार्डो का निरीक्षण कर अभियान को पूरा करने में जुटे रहे। इन दो दिनों के अभियान में शहर के करीब 20 वार्ड कवर किए गए। अब अगले शनिवार और रविवार को यह अभियान चलाया जाएगा।

कोरोना से बचने के लिए करेंगे जागरूक

कैंट बोर्ड की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए केयर अभियान सोमवार यानि आज से शुरू किया जाएगा। इसके तहत कैंट में लोगों को कोरोना से बचने के उपाय, घर की साफ-सफाई के बारे में भी बताया जाएगा। यह भी बताया जाएगा कि घर से बाहर निकलने में क्या सावधानियां बरतनी हैं।

जागरुक किया जाएगा

कैंटवासियों को कोरोना से बचने के उपाय साथ साथ ये भी बताया जाएगा कि घर से बाहर निकलने पर किस तरह की सावधानियां बरतें। अगर कोई घर पर आता है तो उसको सेनेटाइज करना जरूरी है। इसके साथ ही मास्क के क्या फायदे हैं। इससे संबंधित एक पोस्टर भी घरों के बाहर चस्पा किया जाएगा।

दी जाएगी जरुरी जानकारी

कैंट सीईओ के अनुसार लोगों को जानकारी दी जाएगी की उनको एसी व कूलर को कितनी सर्तकता से चलाना है। इस समय में क्या सावधानियां बरतें कि उनको कारेाना से बचाया जा सके। इम्युनिटी बढ़ाने के तरीकों के बारे में भी बताया जाएगा। खाने पीने में सतर्कता के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।