बिजली बंबा बाइपास की घटना, दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया

मेरठ में मीटिंग के बाद कार से लौट रहे थे प्रॉपर्टी डीलर

Meerut : बिजली बंबा बाइपास पर स्कूटी सवार बदमाशों ने दिल्ली के प्रॉपर्टी डीलर और उनके कार चालक को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश भाग गए। पीछे से आ रहे कार सवार फौजी ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद खरखौदा और ब्रह्मपुरी पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही, जिसके कारण बदमाशों की घेराबंदी नहीं हो सकी। बाद में ब्रह्मपुरी पुलिस ने चालक के बयान दर्ज किए। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि दिल्ली के प्रॉपर्टी डीलर और उनके चालक पर फाय¨रग की घटना रंजिशन है। किसी प्रॉपर्टी के विवाद में ही गोली मारी गई है। ब्रह्मपुरी पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम को जांच में लगाया है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये है मामला

दिल्ली के थाना प्रीत विहार स्थित निर्माण विहार निवासी गिरधारीलाल प्रॉपर्टी डीलर हैं। सोमवार को वह अपने चालक गौरव पंवार निवासी कगड़ीपुर थाना रमाला, जिला बागपत के साथ कार से मेरठ आए थे। यहां पर किसी जमीन की सौदेबाजी करने के बाद वह वापस दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे बिजली बंबा बाइपास पर चालक ने क्रेटा कार को रोक दिया। कार रुकने के बाद गिरधारी लाल पेशाब करने लगे। इसी दौरान स्कूटी पर आए दो बदमाशों ने गोलियां बरसा दी। पेट में गोली लगते ही गिरधारी लाल गिर गए। चालक ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस भी गोली मार दी, जो चालक के हाथ में लगी। घटना के बाद चालक और प्रॉपर्टी डीलर सड़क पर पड़े रहे। वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों ने दोनों को उठाकर फौजी की कार में डाला। फौजी ने हापुड़ रोड स्थित एक अस्पताल में दोनों को भर्ती कराया। खरखौदा थाना क्षेत्र की बिजली बंबा पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पहले घटना स्थल देखा। घटना ब्रह्मपुरी क्षेत्र की होने के कारण वह बैकफुट पर आ गए। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सुभाष अत्री मौके पर पहुंचे। कुछ देर तक खरखौदा और ब्रह्मपुरी पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। इसके बाद ब्रह्मपुरी पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर को ऑपरेशन के लिए भेजा, जबकि चालक गौरव से पूछताछ की गई। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर के स्वजन को सूचना दे दी है। बदमाशों की पहचान को आसपास की सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है।