- आबूलेन में है शोरूम, हो सकती थी कोई बड़ी वारदात

- कारोबारी समेत मैनेजर के खिलाफ तहरीर, एक गिरफ्तार

Meerut : आबूलेन में तेजाब से एक बड़ी घटना होते-होते बच गई। कुछ लोगों ने एक कपड़े के शोरूम की छत को तेजाब से भर दिया था। छत की बीम के सहारे तेजाब नीचे शोरूम में पहुंच गया। लेकिन तेजाब से किसी भी प्रकार के जान व माल का नुकसान नहीं हुआ। मामले में एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। शोरूम मालिक ने कारोबारी से पुराने विवाद का हवाला देते हुए वारदात अंजाम देने का आरोप लगाया है। कारोबारी और उसके मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

लोगों ने तेजाब रिसता देखा

आबूलेन पर राधा गार्डन कालोनी निवासी गौरव सेठ का यूएस पोलो और फ्लाइंग मशीन नाम से कपड़ों का शोरूम है। रविवार रात को कुछ लोगों ने शोरूम की छत पर भारी मात्रा में तेजाब डाल दिया। ज्यादातर तेजाब छत की बीम के सहारे गड्ढे करके डाला गया था। सोमवार सुबह के समय कुछ लोगों ने शोरूम के गेट से तेजाब बाहर निकलता देखकर गौरव सेठ को फोन किया। गौरव और उसके कर्मचारियों ने करीब 11 बजे शोरूम खोला तो अंदर छत से तेजाब टपक रहा था। अंदर धुंआ भरा हुआ था और गैस बन गई थी। शटर खुलते ही लोगों की आंखों में जलन होने लगी। शोरूम में 40 लाख रुपए से ज्यादा का माल भरा हुआ था। तेजाब शोरूम में पहुंचा तो लेकिन लोहे की चादरों से होकर वह गेट के पास से रिसता रहा। ऐसे में कपड़ों को कोई नुकसान नहीं हुआ। गौरव ने सदर थाने में शंभूनगर निवासी कारोबारी विनीत पाल और उसके मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मैनेजर बलबीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

कारोबारी से पुराना विवाद

शंभूनगर निवासी विनीत पाल पुत्र सतपाल का रुड़की रोड पर पेट्रोल पंप है। इसके अलावा इनका दिल्ली में होटल भी है। गौरव ने बताया कि उनके शोरूम के ऊपर विनीत की सर्वोदय फाइनेंस कंपनी थी। करीब पांच साल पूर्व विनीत और उनके परिजनों ने यहां निर्माण कार्य ध्वस्त करा दिया था। अब वे दोबारा निर्माण कराना चाहते हैं, लेकिन कैंट बोर्ड से अनुमति नहीं ली है। इस बात का विरोध करने पर विवाद चल रहा है। गौरव ने बताया कि उन्होंने कोर्ट से स्टे ऑर्डर भी ले लिया था। आरोप लगाया कि इसके बाद से विनीत पक्ष ने छत पर बीम के पास गड्ढे बना दिए। इनमें से बारिश का पानी नीचे आता है। आरोप लगाया कि शोरूम की छत गिराने के लिए ही विनीत और उनके पिता ने साजिश रची है।

मिल सकता है सुराग

गौरव सेठ ने बताया कि शोरूम की छत पर दोनों ओर कैमरे लगे हैं। ये दोनों कैमरे विनीत पाल के हैं। इनका डीवीआर सिस्टम भी शोरूम के पीछे विनीत के प्लाट में बने कमरे में लगा हुआ है। पुलिस को इस संबंध में गौरव सेठ ने सूचना दी है। हालांकि पुलिस ने अभी इन कैमरों की जांच नहीं कराई है।

विनीत पाल और उनके पिता सतपाल के खिलाफ सदर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। विनीत के आरोप गलत हैं। छत पर हमारी एंट्री नहीं है और वहां विनीत पक्ष ने ही कैमरे लगाकर रखे हैं। मैंने या मेरे कर्मचारियों ने खुद तेजाब डाला होता तो विनीत के कैमरों में घटना कैद होती। वारदात विनीत के इशारे पर की गई है।

गौरव सेठ, शोरूम मालिक

गौरव सेठ के साथ हमारा मुकदमा चल रहा है। गौरव हमारी जमीन पर कब्जा करना चाहते है। शोरूम में तेजाब की घटना से कोई संबंध नहीं है। ये जो शिकायत की गई है वह दबाव बनाने के लिए है, ताकि हम अपनी जमीन उनके नाम ट्रांसफर कर दें। ये शिकायत एक साजिश के तहत की गई है।

एडवोकेट विनीत पाल।

विनीत पाल और उनके मैनेजर बलबीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बलबीर को जेल भेजा जा रहा है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

गजेंद्र यादव, इंस्पेक्टर सदर।