फायर एनओसी के इंतजार में सिंगल स्क्रीन सिनेमा संचालक

मल्टीप्लेक्स में नई मूवी की रिलीज का इंतजार

Meerut। शासन की अनुमति मिलने के बाद भी सोमवार से शहर के सिंगल व मल्टी स्क्रीन सिनेमा दर्शकों के लिए नहीं खुल सके। दरअसल, इस बार फायर एनओसी न मिलने के कारण मेरठ के सिंगल स्क्रीन सिनेमा अधर में हैं। वहीं मल्टी स्क्रीन सिनेमा संचालकों को नई मूवी का इंतजार है। जिस कारण से सोमवार को अधिकतर सिंगल व मल्टी स्क्रीन नहीं खुले।

फायर एनओसी का इंतजार

शहर में सिर्फ तीन सिंगल स्क्रीन सिनेमा अप्सरा, निशात और रीगल चालू हैं। बाकि सभी बंद हो चुके हैं। मगर फायर एनओसी न मिलने के कारण सिंगल स्क्रीन भी दर्शकों के लिए सेामवार को नहीं खुल सके। दरअसल, इस बार फायर एनओसी की प्रक्रिया ऑनलाइन है। ऐसे में इस प्रक्रिया में कई नए क्लॉज जुड़ गए हैं। जिन्हें पूरा करने में समय लग रहा है। इसे अलावा मल्टी स्क्रीन सिनेमा संचालकों ने कोविड-19 गाइडलाइन के अनुसार अनलॉक की तैयारियां शुरू तो कर दी हैं लेकिन वह भी अपकमिंग मूवी के रिलीज होने इंतजार कर रहे हैं।

बदला अंदर का सीन

कोरोना संक्रमण के बाद पिछले साल से ही सिनेमा हॉल के अंदर का सीन बदल गया था। पिछले साल की तरह दर्शकों की भीड़ या दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट अब नहीं होगी क्योंकि कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार 50 प्रतिशत क्षमता के साथ दर्शक एक सीट छोड़कर ही सिनेमा हॉल के अंदर बैठेगे।

नहीं होंगे मल्टी शो

मल्टी स्क्रीन सिनेमा में जगह के अनुसार एक ही समय पर दो या तीन शोज नहीं होंगे। अगर मल्टीप्लेक्स में तीन स्क्रीन हैं तो उसमें से एक स्क्रीन को बंद रखना होगा। दो सिनेमा हाल में चल रहे शो का इंटरवल एक साथ नहीं होगा। ताकि ज्यादा भीड़ एक साथ एकत्र न हो और पूरी तरह से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा सकेगा।

इस बार सिंगल स्क्रीन सिनेमा की फायर एनओसी के लिए नक्शा मांगा जा रहा है। अब मेरठ के सिनेमा इतने पुराने हैं कि अधिकतर के नक्शे सालों से नहीं बनाए गए हैं। इसके लिए डीएम से बात हुई है। मंगलवार को इस संबंध में बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। तब तक सिंगल स्क्रीन बंद रहेगा।

अजय गुप्ता, अध्यक्ष, मेरठ सिनेमा एसो।

शो चलाने के लिए हमारी तैयारी पूरी है। मगर अभी हम कोविड-19 गाइडलाइन के अनुसार सेनेटाइजेशन व अन्य तैयारियां कर रहे हैं। कोई नई मूवी भी नहीं ह,ै ऐसे में स्क्रीन खुलने में समय लगेगा।

संजीव कुमार, मैनेजर वेव सिनेमा