-प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की वर्षगांठ पर होगा ध्वजारोहण

-दिल्ली के कनाट प्लेस की तर्ज पर एमडीए करेगा स्थापना

Meerut: क्रांतिधरा से देश की बुलंदी का परचम लहराएगा। प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की वर्षगांठ (10 मई) पर मेरठ के सूरजकुंड पार्क से विशाल तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक बनकर आसमान में लहराएगा। दिल्ली के कनाट प्लेस की तर्ज मेरठ विकास प्राधिकरण 17 लाख की लागत से तिरंगे की स्थापना कर रहा है।

कमिश्नर की सोच ने दिया स्वरूप

मेरठ कमिश्नर आलोक सिन्हा की सोच ने इस विशेष कार्य को स्वरूप दिया है। कमिश्नर ने 'आई नेक्स्ट' को बताया कि मेरठ से प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का बिगुल फुंका था। क्रांतिधरा के नाम से मशहूर इस शहर को विशाल राष्ट्रीय ध्वज से पहचान मिलेगी। विशाल ध्वज न सिर्फ मेरठवासियों को स्वतंत्रता संग्राम की याद ताजा कराएगा बल्कि हमें गौरवान्वित भी करेगा। मेरठ विकास प्राधिकरण को कमिश्नर ने जल्द ही तिरंगे की स्थापना के निर्देश दिए हैं। आउटसोर्सिग कर विभाग तकनीकी जुटा रहा है।

144 फुट ऊंचा होगा तिरंगा

एमडीए के सचिव कुमार विनीत ने बताया कि यह तिरंगा 144 फुट ऊंचा होगा। तिरंगे की लंबाई और चौड़ाई राष्ट्रीय मानकों पर आधारित होगी। पार्क के बीचो बीच फाउन्डेशन पर लोहे के निकिल पॉलिश किए हुए पोल पर तिरंगे को स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना की लागत करीब 17 लाख रुपये है। अपै्रल अंत तक पोल को स्थापित कर दिया जाएगा। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वर्षगांठ 10 मई को तिरंगा फहराकर इसे मेरठ का समर्पित किया जाएगा।

मिलेगा मेरठ का इतिहास

सूरजकुंड पार्क को ऐतिहासिक स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा। यहां क्रांतिधरा से संबंधित अभिलेख और विशाल ध्वज की स्थापना के पीछे अवधारणा का जिक्र शिलालेख पर होगा। प्रशासन शहर के प्रबुद्ध वर्ग को शामिल कर समय-समय पर सूरजकुंड में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की आजादी तक मेरठ के योगदान परिचर्चा का आयोजन करेगा। दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित विशाल तिरंगे की तकनीकी और मॉड्यूल का परीक्षण भी एमडीए कर रहा है।

रात में जगमगाएगा तिरंगा

बता दें कि पार्क में तिरंगे की विशाल स्थापना के साथ ही लाइटिंग का बंदोबस्त भी किया जा रहा है। रात्रि में रंग-बिरंगी रोशनी से ध्वज रोशन होगा तो वहीं पार्क में रात्रि दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। लाइटिंग फव्वारा, खूबसूरत डिजाइन के साथ सूरजकुंड पार्क की तस्वीर बदलने की तैयारी एमडीए ने कर ली है। कमिश्नर ने सोमवार को बैठक कर विकास प्राधिकरणों को निर्देश दिए कि वे शहर के ऐतिहासिक पार्को में तिरंगे की स्थापना करें, जिससे लोगों में देशप्रेम की भावना जागृत हो। खुर्जा विकास प्राधिकरण को भी पार्क में तिरंगा स्थापित करने के निर्देश कमिश्नर ने दिए हैं।

क्रांतिधरा की देश में अलग पहचान है, इस पहचान को मुकम्मल रखने के लिए विशाल राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना सूरजकुंड पार्क में की जा रही है। स्वतंत्रता संग्राम की वर्षगांठ पर ही इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

-आलोक सिन्हा, कमिश्नर, मेरठ मंडल

दिल्ली के कनाट प्लेस में स्थापित विशाल तिरंगे की तर्ज पर मेरठ में 140 फीट ऊंचे तिरंगे की स्थापना हो रही है। तकनीकी तैयार कर ली गई है, 10 मई से पहले पोल को स्थापित कर दिया जाएगा। 10 मई को राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

-कुमार विनीत, सचिव, मेरठ विकास प्राधिकरण