सफाई कर्मचारियों की आपसी राजनीति के चलते अधूरी रही हड़ताल

निगम के कर्मचारियों ने जारी रखी सफाई, घर-घर से उठा कूड़ा

Meerut । हाथरस में गैंगरेप के बाद युवती की हत्या के मामले में पीडि़ता को इंसाफ दिलाने के लिए सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को सफाई व्यवस्था ठप कर विरोध जताया। सुबह से ही भारी संख्या में सफाई कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर न जाकर हड़ताल सफल बनाने में जुट गए। नगर निगम परिसर में हत्या के विरोध में धरने का भी आयोजन किया गया, लेकिन सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर आपसी गुटबाजी हावी रही। हड़ताल के बावजूद भी शहर में जगह-जगह साफ सफाई भी हुई और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन भी जारी रहा। सफाई कर्मचारियों के एक गुट ने पूरे दिन कार्य बहिष्कार रखा तो दूसरे गुट ने एक घंटे बाद ही काम शुरु कर दिया। इस कारण हड़ताल का असर नहीं दिखाई दिया।

निगम परिसर में धरना

सफाई कर्मचारी नेता कैलाश चंदोला, राजू धवन समेत समेत डीएस4 के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश चंद्र गहरा व अन्य सफाई कर्मचारी नेताओं ने सुबह से ही शहर में सफाई कार्य बंद कराकर हड़ताल का आहवान कर दिया। इसके बाद इस गुट के सभी कर्मचारी सुबह के समय ही नगर निगम परिसर पहुंच गए और निगम परिसर में धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।

अधिकारियों ने संभाली कमान

हड़ताल के चलते सुबह से नगर निगम के अधिकारी अलर्ट हो गए और खुद क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। एडीएम सिटी अजय कुमार तिवारी और अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिलयायन ने सिविल लाइंस और जेल चुंगी में सफाई कराई, सेनेट्री इंस्पेक्टर अरुण खरखौदिया ने शास्त्रीनगर साइड में सफाई कराई। वहीं सभी वाडरें में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम जारी रहा। सभी वाडरें के सुपरवाइजर डयूटी पर रहे और सफाई का काम जारी रहा। सुबह करीब एक घंटे की सांकेतिक हड़ताल के बाद सभी वाडरें में सफाई का काम चालू हो गया।

आरोपियों पर हो सख्त कार्रवाई

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सीसीएसयू के गेट पर कार्यक्रम आयोजित कर हाथरस गैंगरेप की पीडि़ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। अभाविप की प्रदेश सह मंत्री अंजली चौधरी ने कहाकि आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस मौके पर महेश राठौर, उत्तम सैनी, अंशु शर्मा, हंस चौधरी, राहुल विकल, सनी तोमर, अंकित स्वामी आदि मौजूद रहे।