पूर्व केंद्रीय मंत्री समेत वरिष्ठ नेताओं का दल चुनाव घोषणा पत्र के सिलसिले में पहुंचा मेरठ

Meerut। चुनाव घोषणा पत्र के सिलसिले में मेरठ पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कहा कि अफगानिस्तान, तालिबान का सच सरकार हमसे छिपा रही है। सरकार बताए कि इस मुद्दे पर उसकी नीति क्या है। अगर अफगानिस्तान के मसले पर सरकार हमसे बात करेगी तो हम अपनी राय जरूर देंगे।

मदद करे सरकार

लालकुर्ती बाउंड्री रोड स्थित होटल क्रिस्टल पैलेस में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि अफगानी छात्र भारत में हैं। उनका वीजा समाप्त हो रहा है तो सरकार उनकी मदद करे। उनकी सरकार बदल गई इसलिए हम उनसे हाथ नहीं खींच सकते हैं। वे युवा हमारे देश में हैं। उनकी सुरक्षा सरकार को करनी चाहिए।

गंभीरता से लड़ेंगे चुनाव

कांग्रेस के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष के सवाल पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बिना नाम लिए कहा कि सब जानते हैं कि पार्टी किसके नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। 2022 के चुनाव में उप्र में पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा। इस सवाल पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसका निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा करेंगी। मगर इस बार विधानसभा चुनाव कांग्रेस गंभीरता के साथ लड़ेगी। हम चुनाव जीतकर दिखाएंगे।

कताई मिल का निरीक्षण

बता दें कि शनिवार को उप्र विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कांग्रेस चुनाव घोषणा पत्र समिति का दल मेरठ पहुंचा। जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के साथ कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, पूर्व विधायक विवेक बंसल, अमिताभ दुबे और कांग्रेस कमेटी के सचिव रोहित चौधरी मौजूद रहे। चुनाव घोषणा पत्र के लिए 73 प्रतिनिधि मंडलों के सुझाव लिए। किसानों के साथ बैठक की और कताई मिल का निरीक्षण भी किया।