कोरोना काल में फीका हो गया तीज का बाजार

दुकानदारों को रहा ग्राहकों का इंतजार, मेहंदी के लिए पार्लर भी सूने

Meerut। इस बार कोरोना काल में हरियाली तीज पर्व भी फीका हो गया है। कोरोना संक्रमण के चलते बाजार सूने हैं और पार्लर में मेहंदी लगवाने जाने से भी महिलाओं ने दूरी बना ली है। कुल मिलाकर इस बार महिलाएं अपने घरों में रहकर ही त्योहार मनाने का मन बना चुकी हैं। जिससे शहर के प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा है हालांकि मेहंदी की खरीदारी से लेकर चूडि़यों तक की बिक्री हो रही है। इससे अलग हर वर्ष शहर और देहात क्षेत्रों में कई जगहों पर झूलते डलते थे, जहां महिलाएं पींगें भरते हुए तीज के गीत गाती थीं, लेकिन इस बार कार्यक्रम रद्द हो गए हैं।

बाजारों में अधूरी रौनक

कोरोना काल ने बाजार के अलावा त्योहारों को भी पूरी तरह प्रभावित किया है। इसी का नतीजा है कि हर साल जहां तीज को लेकर महिलाएं जमकर नए कपड़ों से लेकर मेकअप, मेहंदी आदि की खरीदारी करती थीं वहीं इस बार तीज को लेकर बाजारों में भी रौनक नहीं है। हर वर्ष तीज पर्व से एक सप्ताह पहले ही तैयारियां शुरू होती थी और होटलों में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं के ग्रुप तीज क्वीन का चयन करती थीं। इसके अलावा तीज के गीतों पर झूमती थीं, लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं है। शहर के प्रमुख शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट, सदर बाजार, आबूलेन जहां देर रात तक तीज का बाजार सजता था इस बार भी सजा है लेकिन महिलाएं नही है ऐसे में बाजार के व्यापारी से लेकर मेंहदी के कारीगर तक परेशान हैं।

लेडीज पार्क में नही लगेगा झूला

हर साल तीज पर नगर निगम द्वारा लेडीज पार्क और सूरजकुंड पार्क में मेले का आयोजन किया जाता था लेकिन इस बार संक्रमण ने मेले को ही छीन लिया। लेडीज पार्क के अलावा कई जगहों पर तीज से पहले ही झूले डलते थे, लेकिन इस बार अभी तक कहीं भी झूला नहीं डला है और ना ही तीज पर डलेगा। इसके लिए नगर निगम ने इस बार आदेश जारी कर दिया है।

तीज से पहले हर साल महिलाओं के ग्रुप द्वारा तीज पार्टी के लिए रेस्टोरेंट बुक हो जाया करते थे। कई ओपन रेस्टोरेंट में तो तीज थीम पर ग्राहकों को पार्टी के ऑफर दिए जाते थे लेकिन इस बार तो बुकिंग पूरी तरह बंद हैं। तीज पार्टी के नाम पर एक भी बुकिंग नही है।

विपुल सिंघल, महामंत्री होटल एंड रेस्टारेंट एसो।

बाजार में इस बार रौनक नही है लेकिन महिलाएं मेहंदी कोन लेने, चूडियां, बिंदी व मेकअप का सामान लेने आ रही है। वह व्यापार नहीं है जो हर साल हुआ करता था।

राजीव त्यागी, व्यापारी

मेहंदी इस त्योहार पर सबसे जरुरी होती है। इसलिए केवल मेहंदी की तो बिक्री हो रही है बाकि ना तो महिलाओं में इस बार तीज को लेकर क्रेज है और ना ही बाजार में रौनक है।

मुस्कान, व्यापारी

मेकअप को लेकर हर साल तीज पर महिलाओं में क्रेज रहता था, लेकिन इस बार मेकअप के नाम पर केवल मेहंदी तक लगवाने के लिए गिने चुने ग्राहक आ रहे हैं। महिलाओं मे कोरोना को लेकर डर है। इसका पूरा असर है बाजार पर ।

वासू