टेक्सचर से लेकर शाइनिंग वॉल कलर्स भी लोगों को आ रहे पसंद

खरीदारी पर पेंट कंपानियां लोगों को गिफ्ट दे रही सेनेटाइजेशन किट

Meerut। दीपावली पर हर शख्स अपने घर की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कर उसे नया लुक देने का प्रयास करता है। अधिकतर लोग पूरे साल अपने घर की रंगाई पुताई के लिए दीपावली का इंतजार करते हैं। ऐसे में हर साल दीपावली पर सभी प्रकार के बाजारों के साथ रंगों के बाजार में भी बहार आ जाती है। इस साल वैसे भी कोरोना के कारण साल की शुरुआत से ही पेंट कारोबार ठंडा पड़ा था। इतना ही नहीं, न केवल कारोबारी बल्कि खुद पेंट कर्मचारी भी लॉकडाउन में खाली हो गए थे। मगर अब दीपावली पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एंटी बैक्टीरियल पेंट के साथ-साथ कई ऑफर्स के साथ रंगों का बाजार सजकर तैयार हो गया है।

अब दीवारें करेंगी शाइन

दीपावली पर घर देखने में सुंदर लगे और दीवारें आकर्षक लगें, इसके लिए लोग दीपावली पर महंगे से महंगा पेंट कराते हैं। हर साल की तरह टैक्सचर कलर के साथ लोगों को इस बार शाइनिंग वॉल कलर सबसे अधिक पसंद आ रहे हैं। दरअसल, इन कलर्स से दीवारों पर एक एचडी लुक उभर आता है। कई कंपनियों ने इस बार शाइनिंग कलर्स की बड़ी रेंज बाजार में उतारी है।

बैक्टीरिया को मात देगा पेंट

कोरोना संक्रमण के चलते इस बार एंटी बैक्टीरियल पेंट की डिमांड भी खूब है। कई कंपनियों ने बैक्टीरिया मुक्त पेंट की रेंज बाजार में उतारी है। इस पेंट की खासियत है कि इस पर बैक्टीरिया नहीं पनपता है। इससे घर में रहने वाले लोग कई प्रकार की संक्रामक बीमारियों से मुक्त रहते हैं। कोरोना को देखते हुए यह पेंट इस साल बाजार में उतारा गया है। वहीं कलर विजुव्लाइजर एप के जरिए लोग घर को वर्चुअली रंगों में रंगा देख कलर्स पसंद कर रहे हैं।

सेनेटाइजर किट का ऑफर

इस साल कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए अधिकतर पेंट कंपनी हर खरीदारी पर ग्राहकों को सेनेटाइजेशन किट बतौर उपहार दे रही हैं। इसके अलावा सभी कंपनियों ने अपने एक्सपर्ट पेंटिंग स्टाफ को घरों में पेंट करने के लिए पीपीई किट, मास्क और सेनेटाइजर से लैस भी कर दिया है।

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एंटी बैक्टीरियल कलर रेंज बाजार में आई है और काफी डिमांड में भी है। इससे आपका घर बैक्टीरिया फ्री रहता है। इससे अलग सेंटेड कलर और शाइनिंग कलर भी काफी डिमांड में है।

मुदित गुप्ता

शाइनिंग कलर इस बार अधिक डिमांड में है। इसके अलावा दीपावली पर हर खरीद पर उपहार योजना में सेनेटाइजेशन किट ग्राहकों को बतौर गिफ्ट दी जा रही है।

पुलकित

दीपावली पर्व पर प्लास्टिक पेंट डिस्टेंपर की मांग काफी बढ़ जाती है। इससे अलग टेक्सचर कलर की नई रेंज बाजार में उपलब्ध है। कोरोना को देखते हुए सेनेटाइजेशन किट के साथ कई कंपनियां ऑफर भी दे रही हैं।

पुनीत कंसल