मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियों में दिनभर अलर्ट रहा प्रशासन

सफाई में जुटी 125 से अधिक सफाई कर्मचारियों की टीम

Meerut। रविवार को मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी विंग के उदघाटन के लिए मेरठ आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दौरा शनिवार दोपहर को अचानक रद हो गया। ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में जुटे प्रशासन और निगम की तैयारियां अधूरी रह गई। सुबह से ही पुलिस, प्रशासन, मेडिकल कॉलेज और नगर निगम की टीम अलर्ट मोड पर थी। शहर की सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन से लेकर मुख्यमंत्री की सुरक्षा का प्लान तैयार किया जा रहा था। वहीं सुबह सवेरे से ही नगर निगम की टीम शहर की सड़कों को चमकाने में जुट गई थी। लेकिन दोपहर बाद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद होते ही सारा काम बंद हो गया।

सफाई में जुटी टीम

वहीं, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार देर रात से ही नगर निगम की टीम मुख्यमंत्री के रूट पर साफ सफाई में जुट गई थी। शुक्रवार देर रात तक मुख्यमंत्री का सर्किट हाउस आने का प्लान था। इसके चलते परतापुर से लेकर सर्किट हाउस, विवि रोड, मेडिकल कालेज तक सड़कों की सफाई, डंपिंग ग्राउंड, कूडेदान, नालियों और झडि़यों की कांट छांट शुरु कर दी थी। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री का कार्यक्रम परतापुर से सीधा हापुड बाईपास होते हुए मेडिकल कालेज जाने का तय होने के बाद नगर निगम की सवा सौ सफाई कर्मचारियों, सुपरवाइजरों की टीम को बाईपास पर जगह जगह सफाई करने में लगा दिया गया था। दिनभर मुख्यमंत्री के संभावित रूट पर निगम की टीम पूरी तरह सफाई में जुटी रही। दोपहर बाद कार्यक्रम रद होने की सूचना पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।