मुख्यमंत्री की घोषणा वाली 80 परियोजनाओं की कमिश्नर ने की समीक्षा

लापरवाही सामने आने पर जताई नाराजगी, तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश

Meerut। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित की गई 80 परियोजनाओं की कमिश्नर ने वर्चुअल माध्यम से मंडलीय समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सामने आया कि अभी भी 26 परियोजनाओं पर कार्य शुरू ही नहीं हो सका है। जबकि 30 परियोजनाएं पूर्ण की जा चुकी है। कमिश्नर ने लापरवाही सामने आने पर सख्त नाराजगी जताई और तेजी से कार्य पूरा करने के लिए निर्देशित किया।

कार्रवाई करने के निर्देश

50 करोड़ की परियोजनाओं और 50 लाख से अधिक के निर्माण कार्यो की मंडलीय समीक्षा करते हुए कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुसार व तय कि गई समय सीमा के अंदर परियोजनाओं को पूरा किया जाना है। कार्य पूर्ण करने के लिए दोगुनी लेबर व मशीनरी लगाने के साथ डबल शिफ्ट में कार्य शुरू कराया जाए। जिन प्रकरणों में अभी तक भूमि का चयन नहीं किया गया है, वहां त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री पाए जाने पर जेसीबी से ध्वस्त कराकर पुर्ननिर्माण कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

नहीं हटे विद्युत पोल

मेरठ के गांव खड़ौली भोला सतवाई मार्ग स्थित कैनाल पर सेतु निर्माण कार्य के लिए विद्युत पोल हटवाए जाने थे। समीक्षा में सामने आया कि अभी तक पोल नहीं हटाए गए हैं। इस पर सवाल करते हुए नाराजगी व्यक्त की गई। साथ ही दो दिन में एस्टीमेट भिजवाने के निर्देश दिए।

परियोजनाओं की स्थिति

80 - परियोजनाओं की मुख्यमंत्री ने की है घोषणा

30 - परियोजनाएं हो चुकी है मंडल में पूर्ण

24 - परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर हैं

26 - परियोजनाओं पर अभी कार्य शुरू नहीं हुआ