जनविरोधी है प्रदेश सरकार

यूपी कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जयसवाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता और अभिनेता राज बब्बर, प्रदेश प्रभारी मधुसुदन मिस्त्री, प्रदेशाध्यक्ष निर्मल खत्री, रीता बहुगुणा, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया आदि पहुंचे। जिमखाना मैदान में आयोजित रैली में सभी कांग्रेसी नेताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर जबानी तीर चलाए। कांग्रेसी नेताओं ने प्रदेश सरकार को जनविरोधी और प्रदेश का माहौल खराब करने वाली बताया।

जुलूस लेकर पहुंचे कमिश्नरी

जिमखाना मैदान में रैली के बाद नेता कार्यकर्ताओं के  साथ जुलूस के रूप में कमिश्नरी पहुंचे। जहां पहले से तैनात पुलिस से कार्यकर्ताओं की भिड़त हुई। पुलिस ने कमिश्नरी गेट पर तगड़ी बेरिकेटिंग कर रखी थी। जिससे कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता नहीं लांघ सके। उधर, कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला भी जलाया।

मुद्दों को लेकर घमासान

कांग्रेस ने गन्ने के बकाया भुगतान, मुजफ्फरनगर दंगा, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा आदि को लेकर रैली का आयोजन किया था। लेकिन असल मकसद पश्चिम में बेजान हो चुकी कांग्रेस में जान फूंकना था। मंगलवार को आयोजित धरना प्रदर्शन में सहारनपुर से लेकर आगरा तक के कार्यकर्ता और वहां के नेता पहुंचे। उधर, इस कार्यक्रम में अपने समर्थकों के साथ पहुंचे नेताओं में खुद को चमकाने की अधिक होड दिखी।

आठ सौ कार्यकर्ता गिरफ्तार

कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन ने करीब आठ सौ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेजा। गिरफ्तारी के दौरान भी कार्यकर्ताओं को बस में बैठाने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। उधर, कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के दौरान नेताओं ने अपने को दूर ही रखा। कार्यकर्ताओं की पुलिस से हुई भिड़त के दौरान भी नेता अलग ही दिखे।